पीलीभीत। नगर पालिका के करीब 10 सभासदों ने शुक्रवार को डीएम से मुलाकात की। धनराशि होने के बाद भी उनके वार्डों में विकास कार्य न कराए जाने की शिकायत की। पूर्व की शिकायतों पर कार्रवाई न होने को लेकर असंतोष जताया। सभासदों ने 15 दिसंबर तक समस्या समाधान न होने पर सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन करने की बात कही। डीएम ने एडीएम न्यायिक को सभासदों व पालिका ईओ से बात कर सामंजस्य बैठाने के निर्देश दिए हैं।
नगर पालिका ने लगभग दो माह पहले 2.49 करोड़ की लागत से शहर के 13 वार्डों में कराए जाने वाले विकास कार्यों के टेंडर निकाले थे। लगभग 14 सभासदों ने डीएम को शिकायतीपत्र देकर चेयरमैन डॉ. आस्था अग्रवाल पर अपने चहेते सभासदों के वार्डों में विकास कार्य कराने का आरोप लगाया था। कहा था कि अन्य वार्ड में भी विकास कार्य जरूरी है। डीएम के निर्देश पर एडीएम रोशनी यादव की अध्यक्षता में बनी समिति ने सभी वार्डों का सर्वे कर विकास कार्यों की सूची बनाई। मगर लंबे समय बाद भी विकास कार्यों में अन्य वार्ड के कार्य शामिल नहीं किए गए । इसको लेकर शुक्रवार को सभासदों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर उनके वार्डों में विकास कार्य शुरू कराने की अपील की। इस दौरान सभासद चैतन्य गंगवार, पुष्पा उपाध्याय, मोहन स्वरूप, शिखा वर्मा आदि मौजूद रहे। सभासदों ने 15 दिसंबर तक समस्या का समाधान न होने पर विरोध-प्रदर्शन करने की बात कही।