तीन माह से प्रमाण पत्र न बनने का आरोप, नगर पालिका में काफी देर तक चला हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। नगर पालिका परिषद कार्यालय में सोमवार दोपहर जन्म प्रमाण पत्र बनने में देरी को लेकर सभासद चैतन्य और जन्म-मृत्यु पटल के लिपिक राहुल के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच नोकझोंक हुई और रजिस्टर छीनने तक की स्थिति बन गई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह दोनों को शांत कराया।
सभासद चैतन्य का आरोप है कि एक परिवार की ओर से करीब तीन माह पहले जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन अब तक प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया। सोमवार को वह इसी मामले को लेकर लिपिक के पास पहुंचे। लिपिक ने एक-दो दिन में प्रमाण पत्र बनाकर देने की बात कही, जिस पर सभासद चैतन्य नाराज हो गए। उन्होंने कर्मचारियों पर टालमटोल करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। हंगामे के दौरान कार्यालय में मौजूद अन्य फरियादियों को भी परेशानी हुई। बाद में जल्द प्रमाण पत्र जारी कराने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया गया। मामले में फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं हुई है। ईओ संजीव कुमार ने बताया कोई विवाद नहीं हुआ है। पटल सहायक को बेहतर काम करने के निर्देश दिए है।