पीलीभीत। पहले चरण को शासन ने पांच फरवरी तक निपटाने के निर्देश दिए हैं, मगर जनपद में अभी तक पहले चरण के चार सत्र में सिर्फ 4748 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण हुआ है। इसे निपटाने के लिए दो दिन बाकी है। पूर्व में हुए टीकाकरण के छूटे हुए वर्करों को मिलाकर 2970 हेल्थ वर्करों को टीका लगना बाकी है। इसे अब दो दिन में पूरा करना स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बन गया है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग जोरशोर से तैयारी में जुटा है।
कोरोना टीकाकरण के पहले चरण में जिले में कुल 7967 हेल्थ केयर वर्करों का डाटा फीड किया गया था। इसमें सरकारी स्वास्थ्य कर्मियों 6352 और निजी स्वास्थ्य कर्मी 1615 हैं। 16, 22, 28 और 29 जनवरी को हुए टीकाकरण में अभी तक 4748 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है। इन चार दिनों में 6315 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य था। इनमें 249 वर्कर केंद्र पर पहुंचे थे, मगर बीमारी, स्तनपान और गर्भवती वाली श्रेणी में होने की वजह से इन्हें टीका नहीं लगाया गया। ऐसे में सिर्फ 4748 वर्करों का टीकाकरण हुआ। अब सिर्फ पहले चरण को समाप्त करने के लिए दो दिन बाकी हैं। चार सत्र में छूटे 1318 और आगामी सत्र के 1652 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होना शेष है। इनका दो दिन में टीकाकरण विभाग के लिए चुनौती से कम नहीं है। एसीएमओ डॉ. सीएम चतुर्वेदी ने बताया कि चार और पांच फरवरी को स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाना है। इसकी तैयारी की जा रही है। अगर इन दो दिन में पहला चरण पूरा नहीं होता है, तो सत्र बढ़ाकर टीकाकरण पूरा कराया जाएगा।
अब तक की टीकाकरण की स्थिति
-16 जनवरी 300 लक्ष्य, 265 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण
-22 जनवरी 1406 लक्ष्य, 1115 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण
-28 जनवरी 2625 लक्ष्य , 2011 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण
-29 जनवरी 2059 लक्ष्य, 1357 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण
चार फरवरी को 17 स्थानों पर 1491 स्वास्थ्य वर्करों को लगेगा टीका
चार फरवरी को पांचवां सत्र का टीकाकरण होगा। शहर के जिला अस्पताल में ट्रॉमा विंग, जिला महिला अस्पताल, आयुर्वेदिक कॉलेज, एसएस अस्पताल, शारदा अस्पताल कराया जाएगा। इसके अलावा बरखेड़ा, बिलसंडा और जहानाबाद में एक-एक, बीसलपुर, न्यूरिया और अमरिया में दो-दो और पूरनपुर में तीन बूथ बनाए गए हैं। जहां 1491 स्वास्थ्य कर्मियों का टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया है।