पीलीभीत। विदेश के विभिन्न इलाकों से आए 12 यात्रियों के मामले में स्वास्थ्य विभाग होम आइसोलेट चल रहे छह यात्रियों के आरटीपीसीआर सैंपल की रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम परिजन और उनके संपर्क में आने वालों की जानकारी जुटा रही है।
कुछ दिन पहले शहर की आवास विकास कॉलोनी, निरंजन कुुंज कॉलोनी, पूरनपुर के कढ़ेरचौरा, शिवनगर, मोहल्ला कायस्थान, निरजंनपुर कजरी और बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद के रहने वाले तीन युवक विदेश से आए थे। इनमें आवास विकास कॉलोनी के चार लोग परिवार से मिलने के बाद लंदन लौट गए। जब स्वास्थ्य विभाग को विदेशी यात्रियों के बारे में सूचना मिली तो हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग ने आनन फानन में आवास विकास और बीसलपुर के दुर्गा प्रसाद के रहने वाले दो युवकों को छोड़कर अन्य छह लोगों को ट्रेस कर उनका सैंपल लेकर लखनऊ लैब में जांच के लिए भेजा है। टीम ने उन्हें होम आइसोलेट कर उनके परिवार वालों के सैंपल लिए हैं।
अब स्वास्थ्य विभाग उनसे जानकारी संपर्क में आने वालों को ट्रेस कर रहा है। कहीं न कहीं स्वास्थ्य विभाग को डर है कि वायरस का स्ट्रेन बदलने से संक्रमण का रेस्यू पता नहीं चल रहा है। इसलिए सावधानी के तौर पर उन्हें 28 दिनों तक होम आइसोलेट रहने की हिदायत दी गई है।
सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि एंटीजन किट से की गई जांच में सभी निगेटिव पाए गए थे। अब आरटीपीसीआर की रिपोर्ट का इंतजार है। अब तक परिवार के 26 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। साथ ही परिवार वाले और संपर्क में आने वालों के सैंपल भी कराए जा रहे हैं।
दो पुलिस कर्मियों समेत 12 नए कोरोना पॉजिटिव
पीलीभीत। दो पुलिस कर्मियों समेत 12 नए कोरोना पॉजिटिव और निकले हैं। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चेकअप कर संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि रविवार को आई लखनऊ लैब से आई जांच रिपोर्ट में पुलिस लाइन में तैनात दो पुलिस कर्मी, श्रीराम कॉलोनी, निरंजन कुंज कॉलोनी और मोहल्ला कुंवरगढ़ में एक-एक, मरौरी ब्लॉक के चंदोई में एक, बरखेड़ा ब्लॉक के बस्थना गांव में दो, अमरिया के अड़रायन गांव में एक, बिलसंडा के राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज और पूरनपुर के रामनगर में एक-एक कोरोना पॉजिटिव निकले हैं।