फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वास्थ्य राज्य मंत्री के निरीक्षण में कोरोना संक्रमित के भाई की मौजूदगी से लखनऊ तक हड़कंप

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग के 11 जून को हुए निरीक्षण के समय संक्रमित युवक के भाई आयुष्मान मित्र के आसपास रहने की बात सामने आने के बाद लखनऊ तक हड़कंप मच गया है। शासन ने इस मामले में रिपोर्ट मांगी है कि आयुष्मान मित्र स्वास्थ्य राज्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान उनके आसपास था या नहीं। इसके बाद जिला अस्पताल के सीसीटीवी के फुटेज भी खंगाले गए हैं। इस बीच सर्तकता बरतते हुए पूरे जिला अस्पताल को सैनिटाइज कराया गया है।
विज्ञापन

जिला अस्पताल में आयुष्मान मित्र के पद पर कार्यरत युवक का भाई नौ जून को दिल्ली से वापस आया था। शनिवार को उसके कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट आई। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित युवक को जिला अस्पताल कैंपस से ले जाकर उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। आयुष्मान मित्र का भाई संक्रमित मिलने पर पूरे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप है। वह अस्पताल के आवासीय क्वार्टर में रहता है। 11 जून को स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग के निरीक्षण के वक्त भी आयुष्मान मित्र के अस्पताल में मौजूद रहने और मंत्री के साथ घूमने की बात सामने आई तो स्वास्थ्य विभाग के अफसर-कर्मचारी तक कोरोना संक्रमण को लेकर डर गए। वहीं लखनऊ तक हड़कंप मच गया। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अफसर राज्यमंत्री के समारोह में आयुष्मान मित्र की मौजूदगी को नकार रहे हैं। वहीं डीएम ने सीएमओ से उसकी मौजूदगी को लेकर रिपेार्ट मांगी है। अस्पताल की ओर से इस बात की पुष्टि करने के लिए सीवीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। मगर, देर शाम तक इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी कि आयुष्मान मित्र स्वास्थ्य राज्यमंत्री के निरीक्षण में मौजूद था या नहीं।
हर कोई आयुष्मान मित्र के पॉजिटिव न आने की कर रहा दुआ
स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान मित्र के अलावा माता- पिता समेत चार लोगों का सैंपल लेकर उन्हें पुराने जिला अस्पताल में क्वारंटीन किया गया है। जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल और कैंपस को सैनिटाइज कराया गया है। मगर, कर्मचारियों और अधिकारियों के अलावा राज्यमंत्री के दौरे के वक्त साथ रहे भाजपा नेता और अफसर भी इसे लेकर डर गए हैं। मंत्री के निरीक्षण के समय बरखेड़ा और पूरनपुर विधायक के अलावा भाजपा के भी कई नेता मौजूद थे। अब हर कोई आयुष्मान मित्र की रिपोर्ट पॉजिटिव न आने की प्रार्थना कर रहा है।
विज्ञापन

आयुष्मान मित्र बोला - निरीक्षण के वक्त मैं नहीं गया आसपास
आयुष्मान मित्र का कहना है कि उसका भाई दिल्ली से आने के बाद एक अलग कमरे में क्वारंटीन था। उसकी उससे मुलाकात भी नहीं हुई। न ही वह मंत्री के निरीक्षण के वक्त वह आसपास रहा। बोला-मौजूदगी की बात निराधार है।
अफसर बोलेे- फोटो और सीसीटीवी चेक किए, नहीं मिला कोई फुटेज
आयुष्मान मित्र की मौजूदगी की बात पता चलने के बाद जिला अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे के अलावा निरीक्षण के दौरान खींचे गए फोटो को ध्यान से देखा गया। निरीक्षण में आयुष्मान मित्र नहीं दिखा। - डॉ. रतनपाल सिंह सुमन, सीएमएस जिला अस्पताल
आयुष्मान मित्र निरीक्षण में मौजूद नहीं था। स्वास्थ्य राज्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान उनके अलावा दोनों सीएमएस और कुछ चुनिंदा डॉक्टर मौजूद थे। इसके अलावा दो विधायक भी साथ थे। आयुष्मान मित्र नहीं दिखा था। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ
सभी आयुष्मान मित्रों के साथ ही अन्य कर्मचारियों की होगी कोरोना की जांच
जनपद में 10 आयुष्मान मित्र कार्यरत है। इसमें सात पीएचसी पर हैं। शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में आयुष्मान मित्र का भाई का कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जिला अस्पताल समेत पूरे स्वास्थ्य महकमे में डर का माहौल है। सीएमओ का कहना है कि सभी आयुष्मान मित्रों की कोरोना की जांच कराई जाएगी। अन्य कर्मचारियों की भी जांच होगी। क्योंकि आयुष्मान मित्र की उनमें से किसी से भी मुलाकात होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें