पीलीभीत। जनपद में एक और कोरोना पॉजिटिव केस मिल गया। यह युवक कुछ दिन पहले महाराष्ट्र से आए कोरोना संक्रमित युवक के साथ ही मुंबई से आया था। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार सुबह इसकी पुष्टि की। कोराना संक्रमित युवक 13 मई से अपने 10 परिवार वालों के साथ पुराने अस्पताल के क्वारंटीन सेंटर में रह रहा है। कोरोना की पुष्टि होने के बाद संक्रमित युवक को कोविड अस्पताल बरेली भेज दिया गया है। मुबंई (अंधेरी) से 12 लोग आठ मई को कलीनगर तहसील क्षेत्र में लौटे थे। इसमें 10 लोग गांव संडई, एक रानीगंज और एक युवक शाहगढ़ का रहने वाला था। ग्रामीणों की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने नौ मई को गांव संडई के 10 लोगों की स्क्रीनिंग कर गांव के ही शेल्टर होम में शिफ्ट कर दिया था। 10 मई को इन 10 लोगों की सैंपलिंग की गई थी। लेकिन, इसमें दो लोग चकमा देकर अपने गांव चले गए थे। इनमे से 13 मई को संडई निवासी युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो गई, तो उसके दो अन्य साथियों को भी रात में ट्रेस कर लिया गया।
परिवार समेत इन सभी की सैंपलिंग कराने के बाद जिला मुख्यालय के क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया। इधर 17 मई को लखनऊ से आई रिपोर्ट में मुंबई से आए रानीगंज निवासी युवक में भी कोरोना संक्रमण होने की पुष्टि हुई। जनपद में तीसरा कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि मंबई से आए कोरोना संक्रमित युवक का रानीगंज निवासी साथी भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। युवक को क्वारंटीन सेंटर से कोविड अस्पताल बरेली भेजा गया है। उसके परिवार वालों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है।