पीलीभीत। मलेरिया विभाग के कर्मचारी और पुलिस कर्मी समेत 18 नए कोरोना पॉजिटिव केस निकले हैं। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य कर्मी को कोविड अस्पताल में भर्ती करने के बाद कार्यालय को सैनिटाइज कराया गया। अन्य संक्रमितों की तलाश में स्वास्थ्य विभाग की टीमें जुटी हुई हैं।
बरेली आईवीआरआई लैब से आई जांच रिपोर्ट में मलेरिया कार्यालय में कार्यरत एक स्वास्थ्य कर्मी की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली। रिपोर्ट आने के बाद मलेरिया विभाग के स्टाफ को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया है। इधर, पूरे कार्यालय को सैनिटाइज करने के साथ संपर्क में आने वाले स्वास्थ्य कर्मियों की भी सैंपलिंग कराई गई। इनके अलावा शहर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद में तीन, पुलिस लाइन का सिपाही, गीता मंदिर, एक निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स और शुगर फैक्टरी, कृष्ण लोक कॉलोनी और प्रेमनगर कॉलोनी में एक-एक कोरोना संक्रमित मिले हैं। अमरिया में चक्का गांव में एक, ललौरी खेड़ा के पकड़िया नौगंवा में एक और पूरनपुर में जैतीपुर और कस्बे का एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। जिला अस्पताल में लगी ट्रूनेट मशीन से पंडरी गांव और फतेहपुर खुर्द में एक-एक पॉजिटिव मिला। एंटीजन किट से हुई जांच में बिलसंडा और पूरनपुर में एक-एक संक्रमित सामने आया।