पीलीभीत। दो स्वास्थ्य कर्मी और सात बैंक कर्मचारियों समेत 39 नए कोरोना पॉजिटिव केस निकले हैं। बिलसंडा स्थित एक बैंक शाखा में तीन दिन पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए कर्मचारी के संपर्क में आने से इसी बैंक के अन्य कर्मचारी भी संक्रमित हुए हैं। स्वास्थ्य कर्मियों के पॉजिटिव आने पर बिलसंडा सीएचसी और अर्बन की पीएचसी को सील कर दिया गया है।
बरेली आईवीआरआई लैब से आई जांच रिपोर्ट में बिलसंडा सीएचसी के फार्मासिस्ट की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर फार्मासिस्ट को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएचसी को सैनिटाइज कराकर 24 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। इसके अलावा बिलसंडा में ही एक बैंक के सात कर्मचारी समेत 12 पॉजिटिव मरीज सामने आए। इसलिए बैंक शाखा को भी बंद कर दिया गया।
जांच रिपोर्ट में शहर की अशोक कॉलोनी का एक व्यक्ति और पुलिस लाइन का एक सिपाही कोरोना पॉजिटिव मिला। ललौरीखेड़ा ब्लॉक क्षेत्र में पांच, बरखेड़ा ब्लॉक में पांच और अमरिया में तीन कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। जिला अस्पताल में लगी ट्रूनेट मशीन से बिठौरा खुर्द पंडरी में एक, बिलसंडा कस्बे में एक और चौक बाजार में एक कोरोना संक्रमित निकला। एंटीजन किट से हुई जांच में अर्बन पीएचसी की स्टाफ नर्स और उनके पति कोरोना पॉजिटिव मिले। इनके अलावा बीसलपुर में दो, पूरनपुर में एक, बिलसंडा में तीन और बरखेड़ा में एक कोरोना पॉजिटिव केस सामने आया।