पीलीभीत। आयुर्वेदिक कॉलेज में बने कोविड अस्पताल की दीवार फांदकर फरार होने वाले कोरोना संक्रमित बंदी पर अगले दिन शिकंजा कसा गया है। कोविड अस्पताल के डॉक्टर की तहरीर मिलने के बाद बंदी पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई। उसकी तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें लगा दी गई हैं। वहीं इसमें पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही जानने को एसपी ने सीओ सदर को जांच सौंपी है।
बीसलपुर के खरगापुर गांव का रहने वाला एक युवक गांव की एक किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने के मामले में 14 जुलाई को नोएडा से गिरफ्तार करने के बाद अस्थायी जेल भेजा गया था। 16 जुलाई को उसकी कोरोना जांच कराई गई तो वह पॉजिटिव निकला था। इसी के बाद से वह आयुर्वेदिक कॉलेज कोविड अस्पताल में भर्ती था। वहां उसका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को वह स्वास्थ्यकर्मियों को चकमा देकर संक्रमित अस्पताल के पीछे की दीवार कूदकर भाग गया था। देर शाम उसके भागने की सूचना स्वास्थ्य कर्मियों ने दी तो खलबली मच गई थी। देर रात कोविड अस्पताल के डॉ. राशिद ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। इसके बाद बंदी के अस्पताल से फरार होने की रिपोर्ट दर्ज की गई। उसकी तलाश के लिए कोतवाली और बीसलपुर पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। दोनों टीमों ने कई जगह दबिश दी, लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं लगा। उसके रिश्तेदारों से भी संपर्क साधा गया। जब यह मामला एसपी के संज्ञान में आया तो उनकी ओर से संक्रमित बंदी के भागने में लापरवाही का पता लगाने के लिए सीओ सदर प्रमोद कुमार को जिम्मेदारी दी गई।
पुलिस के सामने सवाल ..सामने आ भी जाए तो कैसे पकड़ेंगे ?
कोविड अस्पताल से भागने वाला बंदी कोरोना संक्रमित हैं। वैसे तो पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मगर, अब सवाल यह है कि अगर बंदी पुलिस के सामने आ भी गया तो कोरोना संक्रमित होने के चलते उसे पुलिसकर्मी बिना पीपीई किट कैसे पकड़ेंगेे? पुलिस कर्मी अभी भी उसे पकड़ने से डर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग तो अभी भी नहीं चेता
कोविड अस्पताल में बंदी के भागने का मामला सामने आने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग नहीं चेता है। चूंकि अस्पताल में भीतर कोरोना संक्रमित रहते हैं। पुलिस की ड्यूटी गेट पर रहती थी। बंदी भीतर स्वास्थ्य टीम की निगरानी में ही रहते हैं। दोबारा कोई अन्य संक्रमित न भाग जाए, इसके लिए भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया है। दूसरे दिन भी इसे लेकर मंथन किया जाता रहा, मगर स्वास्थ्य अफसर किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सके। कोविड अस्पताल में सीसीटीवी भी लगे हैं। इसके बावजूद काफी देर तक किसी को भी कोरोना संक्रमित बंदी के भागने की खबर तक नहीं लगी ऐसे में सीसीटीवी और संक्रमितों की निगरानी पर भी सवाल उठ गए हैं।
कोविड अस्पताल से भागने वाले संक्रमित बंदी को तलाशने के लिए टीमें लगाई गई हैं। पूरे मामले को गंभीरता से दिखवाया जा रहा है। रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है, जल्द उसे पुलिस पकड़ लेगी। - जयप्रकाश, एसपी
कोविड अस्पताल में लगी टीम से पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे अस्पताल की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज भी चेक करा रहे हैं। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ