पीलीभीत। ट्रूनेट मशीन और लैब से देर शाम आई जांच रिपोर्ट में 34 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले। इनके अलावा एंटीजन टेस्ट से पूरे दिन में नौ संक्रमित सामने आए। कुल मिलाकर एक दिन में 43 कोरोना पॉजिटिव केस मिले। इनमें शहर के एक बड़े निजी डॉक्टर, डीएम आवास का कर्मचारी, जिला अस्पताल के लैब टेक्नीशियन समेत तीन स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं। जिला अस्पताल में संक्रमित मिलने के बाद सीएमएस ने संक्रमितों को होम आइसोलेट करने के बाद सीटी स्कैन रूम और लैब को सील करा दिया गया है।
जिला अस्पताल में सीनियर टेक्नीशियन लैब में मरीजों का तमाम टेस्ट करते हैं। तीन दिन से उन्हें बुखार और खांसी आ रही थी। सीएमएस डॉ. रतनपाल सिंह सुमन ने उनकी कोरोना की जांच कराई। उसमें वह कोरोना पॉजिटिव निकले। इसी के साथ लैब में नर्स और जनरेटर रुम में कार्यरत कर्मचारी भी पॉजिटिव निकला। सीएमएस ने लैब और सीटी स्कैन रुम को सैनिटाइज कराने के बाद 48 घंटे तक सील कर दिया। जिला अस्पताल में एक साथ चार संक्रमित निकलने के बाद स्वास्थ्य कर्मचारियों में भय का माहौल है।
देर शाम आई जांच रिपोर्ट रिपोर्ट में एसबीआई माधोटांडा के पांच कर्मचारी, बीसलपुर के दो, शहर के मोहल्ला शेखचांद और मोहम्मद वासिल में तीन-तीन, मोहल्ला थान सिंह में दो, मोहल्ला तुलाराम, निरंजनकुंज, कांशीराम कॉलोनी, फैजुल्ला खां, मदीनाशाह, नारायण अस्पताल, तहसील सदर में एक-एक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इनके अलावा डीएम आवास का कर्मचारी, गांधी स्टेडियम रोड स्थित अस्पताल के एक डॉक्टर, प्राइवेट अस्पताल का कर्मचारी, अमरिया सीएचसी की नर्स समेत 34 पॉजिटिव केस निकले। करीमगंज में पूर्व प्रधान और बीसलपुर की एक महिला प्राइवेट लैब से कोरोना पॉजिटिव आई है।
पूरनपुर में पावर कॉरपोरेशन के एक्सईएन और एसडीओ समेत छह संक्रमित
पूरनपुर। फरीदपुर सीएचसी में कोरोना की जांच कराने में में पावर कॉरपोरेशन के एक्सईएन कार्यालय में तैनात लिपिक संक्रमित निकला। एक्सईएन ने लिपिक के संपर्क में आए 23 कर्मचारियों की जांच के लिए सूची स्वास्थ्य विभाग को भेजी। इसमें एक्सईएन, एसडीओ, संविदा कर्मचारी सहित तीन लोग संक्रमित निकले। इसके अलावा एक महिला और बरेली में प्राइवेट लैब से जांच कराने में स्टेशन रोड निवासी टाइल्स व्यापारी का भाई संक्रमित निकला। संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की तलाश शुरू कर दी गई। नगर और देहात के बिजली सब स्टेशनों को 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया। जांच टीम के नोडल अधिकारी सुशांत हलधर ने बताया कि संक्रमितों को होम आइसोलेट किया जा रहा है।
बिलसंडा में दो सिपाहियों समेत तीन पॉजिटिव
बिलसंडा। नगर के कन्या पाठशाला में 25 संदिग्धों की एंटीजन किट से जांच की गई। इसमें थाना बिलसंडा के दो सिपाहियों समेत प्रमुख व्यापारी की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. श्रीराम ने बताया कि संक्रमित सिपाहियों को कोविड अस्पताल भेजा गया है जबकि व्यापारी को होम आइसोलेट किया गया है।