पीलीभीत। तीन दिन पहले पूरनपुर के मोहल्ला साहूकारा में कोरोना पॉजिटिव मिले युवक के परिवार के चार लोगों समेत छह नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें उन्हें लेने के लिए रवाना हो गईं। अब जनपद में कुल 171 कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इनमें 38 एक्टिव केस हैं।
पूरनपुर के मोहल्ला साहूकारा का रहने वाला युवक पांच जुलाई को रैंडम सैंपल में कोरोना पॉजिटिव आया था। संक्रमित का कोई भी यात्रा इतिहास नहीं है। दो जुलाई को इसी मोहल्ले में एक महिला निजी लैब से संक्रमित पाई गई थी। बताते है कि युवक इस महिला के संपर्क में आने की वजह से पॉजिटिव हुआ। युवक के कोरोना संक्रमित आने पर स्वास्थ्य विभाग ने छह जुलाई को संक्रमित के परिवार का सैंपल लेकर उन्हें अग्रवाल सभा भवन में क्वारंटीन किया था। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में उसके परिवार के चार सदस्य भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावा पूरनपुर नगरपालिका चेयरमेन के भाई की दुकान पर काम करने वाला 40 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव आया है। इसी के साथ निरजंन कुंज कॉलोनी की रहने वाली 50 वर्षीय महिला की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। संक्रमित महिला और वारदाना की दुकान पर काम करने वाले संक्रमित का कोई यात्रा इतिहास नहीं हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमितों को लेने के लिए अपनी टीम रवाना कर दी हैं।
बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में छह नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ