पीलीभीत। प्रवासियों के आने के बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। बृहस्पतिवार को 35 लोगों की आई जांच रिपोर्ट में 11 पॉजिटिव केस मिले हैं। इनमें से छह प्रवासी हैं तो पांच ऐसे लोग हैं, जो पहले से पॉजिटिव प्रवासी परिजन के संपर्क में आने से संक्रमित हुए।
एक साथ 11 कोरोना पॉजिटिव केस आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। अब इनके संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है। इसी के साथ जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 100 पार करके 101 पर पहुंच गया। इनमें 50 एक्टिव केस हैं। बुधवार तक आंकड़ा 89 पर था, इसमें पिछले दिनों माधोटांडा के कैंसर पीड़ित बच्चे को भी जोड़ लिया गया, जिसका लखनऊ में इलाज चल रहा है। फिर बृहस्पतिवार को 11 और मिलने के बाद आंकड़ा 101 पर पहुंच गया।
बरखेड़ा क्षेत्र में तीन प्रवासी मिले संक्रमित
बृहस्पतिवार को संक्रमित पाए गए 11 लोगों में से तीन बरखेड़ा क्षेत्र के हैं। यहां पिपरिया गांव निवासी 48 वर्षीय युवक 12 जून को दिल्ली से आया था। स्वास्थ्य टीम ने उसी दिन सैंपल लेकर उसे होम क्वारंटीन किया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है। इसके अलावा बरखेड़ा कस्बे के वार्ड नंबर तीन निवासी 35 वर्षीय युवक नौ जून को दिल्ली से रोडवेज बस से आया था। 12 जून को सैंपल लेकर उसे होम क्वारंटीन कर दिया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे बृहस्पतिवार को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नगर पंचायत की टीम ने मोहल्ले को सैनिटाइज करना शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य टीम ने उसके संपर्क में आने वाले 11 लोगों को सैंपल के लिए पुराने जिला अस्पताल भेजा है। दियोहना पट्टी गांव में दिल्ली से 11 जून को आया 20 वर्षीय युवक होम क्वारंटीन कर दिया गया था, बृहस्पतिवार को उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई।
अमरिया की युवती पॉजिटिव, साथी प्रवासी महिला की रिपोर्ट का इंतजार
संक्रमित पाई गई एक अन्य युवती अमरिया क्षेत्र के सखोला गांव की है। वह 11 जून को गांव की एक महिला के साथ दिल्ली से लौटी थी। वे दोनों वहां एक फैक्ट्री में काम करती थीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों का सैंपल करने के बाद उन्हें होम क्वारंटीन किया था। इनमें से युवती की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य टीम उसे लेने के लिए रवाना हो गई। फिलहाल महिला की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
ललौरीखेड़ा के युवक की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, पत्नी क्वारंटीन सेंटर भेजी
ललौरीखेड़ा ब्लॉक क्षेत्र के रूपपुर कमालू गांव का 43 वर्षीय युवक अपनी पत्नी के साथ 11 जून को गाजियाबाद से आया था। सैंपल होने के बाद वह घर पर क्वारंटीन था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पत्नी को क्वारंटीन सेंटर भेजा गया है। उसके संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है।
परिवार के साथ गजरौला लौटी महिला पॉजिटिव पाई गई
पूरनपुर क्षेत्र के गजरौला कस्बे की 30 वर्षीय महिला 10 जून को अपने पति, सास, ससुर और दो बच्चों के साथ दिल्ली से आई थी। सैंपल लिए जाने के बाद उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया था। बृहस्पतिवार को आई जांच रिपोर्ट में महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। उसके परिवार के पांच लोगों का सैंपल लेने के बाद उन्हें क्वारंटीन सेंटर भेजा गया है। महिला के संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है।
एक संक्रमित की पत्नी और दो बेटी भी आईं चपेट में
बीसलपुर क्षेत्र के मढ़रा सुमन गांव में दिल्ली से आया युवक आठ जून को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कर दिया गया था। बृहस्पतिवार को रिपोर्ट में संक्रमित के परिवार में उसकी दो बेटी और पत्नी की बहन कोरोना पॉजिटिव मिली है। रिपोर्ट आने के बाद उन्हें कोविड अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है।
दूसरे पॉजिटिव का बेटा और तीसरा का एक रिश्तेदार हुआ संक्रमित
बिलसंडा क्षेत्र के इलाबास में रहने वाला युवक 11 जून को कोरोना संक्रमित पाया गया था। वह दो दिन पहले ही दिल्ली से लौटा था। संक्रमित के परिवार में छह लोगों को क्वारंटीन किया गया था। युवक के संपर्क में आने से 13 वर्षीय बेटा भी संक्रमित हो गया, बृहस्पतिवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूरनपुर क्षेत्र के सुखदासपुर गांव में 11 जून को संक्रमित मिले युवक 13 वर्ष का एक रिश्तेदार भी अब इसकी चपेट में आ गया। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद किशोर को कोविड अस्पताल में भेज दिया गया है।
जांच रिपोर्ट में 11 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। उन्हें कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। इन लोगों के संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ