पीलीभीत। शहर से सटी कांशीराम कॉलोनी में दिल्ली से लौटे एक युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। शहर के अंदर अभी कोरोना संक्रमितों की संख्या तीन थी, जो अब चार हो गई है। युवक की पत्नी समेत छह परिजन और संपर्क में आए छह अन्य लोगों के सैंपल लेकर उन्हें क्वारंटीन किया गया है। कॉलोनी को सैनिटाइज करने के बाद सील कर दिया गया है। कॉलोनी में कोरोना केस मिलने के बाद वहां दहशत हो गई है।
शहर की ईदगाह कांशीराम कॉलोनी के एक मकान में युवक अपनी पत्नी के साथ 29 मई को दिल्ली से वापस आया था। यहां परिवार में मां-पिता के साथ ही तीन भाई बहन रहते हैं। उसके दिल्ली से आने के बाद ड्रमंड कॉलेज में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था। मामला संदिग्ध मिलने पर उसका सैंपल लेने के बाद होम क्वारंटीन कर दिया गया था। सोमवार देर रात 26 लोगों की आई जांच रिपोर्ट में युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
कॉलोनी में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद कॉलोनी में हड़कंप मच गया। मंगलवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक को उसके घर से ले जाकर आयुर्वेदिक कॉलेज में बने कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही पत्नी समेत परिवार के अन्य छह लोगों के अलावा युवक के संपर्क में आए छह लोगों को पुराना जिला अस्पताल के क्वारंटीन सेंटर में भर्ती किया। इन सभी 12 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को डर है कि क्वारंटीन किए गए इन लोगों में से भी कोई न कोई संक्रमित निकल सकता है, फिर उसके संपर्क में आने वालों में भी यह खतरा हो सकता है। इसी वजह से पूरी कॉलोनी में दहशत है।
सोमवार देर रात 26 लोगों की आई जांच रिपोर्ट में कांशीराम कॉलोनी का युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उसे कोविड अस्पताल में भर्ती करने के बाद परिवार और संपर्क में आने वाले 12 लोगों के सैंपल लेकर उन्हें क्वारंटीन किया गया है। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ