पीलीभीत। कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके लोगों में एंटीबॉडी और ग्रामीण इलाकों में कोरोना की स्थिति को भांपने के लिए 31 स्थानों पर सीरो सर्वे कराया गया। जिसमें सभी जगह 722 लोगों के सैंपल कलेक्ट कर मरेठ लैब में परीक्षण को भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही जिले में संक्रमण की स्थिति का पता चल सकेगा।
शासन के निर्देश पर जिले में नौ जून से 11 जून तक सीरो सर्वे कराया गया। शासन के द्वारा चिन्ह्ति अमरिया ब्लॉक में सरैनी तरकुनिया, नगरिया, केशोपुर, बरखेड़ा ब्लॉक में वार्ड नंबर नौ, बीसलपुर में किसनी, रामपुरा नौगंवा, बिलसंडा ब्लॉक के वार्ड नंबर 10 और सात, बेहटी, नगरा, मुडिय़ा, ललौरीखेड़ा ब्लॉक में सातपुरा, उमरसड़,पुरैना, न्यूरिया ब्लॉक के न्यूरिया हुसैनपुर और पूरनपुर ब्लॉक के वार्ड नंबर तीन, महाराजपुर,बहादुरपुर, फतेहपुर खुर्द, शिवनगर, मैनाकोट, नगरिया खुर्द, टांडा गुलाबराय, दयालपुर, पिपरा संतोष, नवदिया दुर्जनपुर, चंदिया हजारा, बिलंदापुर चतीपुर गांव से लोगों ब्लड सैंपल लिए गए। इनमें दो महिलाएं, दो पुरुष और दो बच्चों के ब्लड सैंपल शामिल हैं। सभी को कलेक्ट करने के बाद आईडीएसपी प्रभारी डॉ. महविश और नोडल डॉ. हरपाल सिंह ने सूची बनाकर सैंपल को जांच के लिए मरेठ के मेडिकल कॉलेज भिजवाया है। जहां उनकी जांच कर एंटीबॉडी की जानकारी की जाएगी। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि सैंपल जांच को भेजें हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति का पता चल सकेगा।