पीलीभीत/पूरनपुर। बरेली के अलग-अलग निजी कोविड अस्पतालों में इलाज के दौरान रोजगार सेवक समेत तीन की कोरोना से मौत हो गई। उनके शवों का कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार कराया गया। उधर, लखनऊ से आई जांच रिपोर्ट में 20 नए संक्रमित निकले। इसी के साथ जिले में मरने वालों की संख्या 266, जबकि सक्रिय संक्रमित 1071 हो गई है। अभी तक 5217 लोग सही हो चुके हैं।
पूरनपुर तहसील क्षेत्र के धर्मापुर गांव का संक्रमित रोजगार सेवक सप्ताह भर पहले इलाज को बरेली ले जाया गया था। उसे बुखार की शिकायत थी। वह कोरोना संक्रमित निकला था। रविवार रात बरेली के अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 35 वर्षीय रोजगार सेवक के पास बीएलओ की भी जिम्मेदारी थी। पंचायत चुनाव में भी उसकी ड्यूटी लगाई गई थी। एसडीएम राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि रोजगार सेवक संक्रमित था। तबीयत खराब होने पर उसे इलाज को बरेली ले जाया गया था। इसके अलावा गांव सबलपुर निवासी एक मेडिकल संचालक का कर्मचारी पखवाड़ा भर पहले संक्रमित निकला था। दस दिन पहले मेडिकल संचालक की भी हालत खराब हो गई। इलाज को उसे बरेली ले जाया गया। बरेली में रविवार रात को उसकी मौत हो गई। मेडिकल संचालक की मां की हालत खराब होने पर दस दिन पहले उनको भी बरेली के एक दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी रविवार को इलाज के दौरान मौत हुई थी। इसके एक दिन पहले उसकी मां की भी बरेली में मौत हुई थी। उधर, लखनऊ से आई जांच रिपोर्ट में शहर के मोहल्ला सरायखाम, रामनगर कॉलोनी बिलंसडा, सुंदरपुर जहानाबाद, बीसलपुर, में एक-एक, बरखेड़ा में दो, ललौरीखेड़ा में दो, मरौरी ब्लॉक क्षेत्र में तीन, अस्थायी जेल में एक, पूरनपुर में एक समेत 20 संक्रमित निकले।
सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि मृतकों का अंतिम संस्कार कोविड प्रोटोकॉल के तहत कराया गया है। संक्रमितों को आइसोलेट करने को टीम लगाई है। उनके संपर्क में आने वाले और परिवार के सदस्यों के सैंपल लिए जाएंगे। कुछ के सैंपल लिए भी जा चुके हैं।