पीलीभीत। कोरोना संक्रमित मरीजों की जीवन रक्षा के लिए कारगर माने जाने वाले रेमडेसिविर की वॉयल जिले में खत्म होने के बाद मरीज परेशान हो उठे हैं, सीएमओ कार्यालय से अधिकारियों के चक्कर काटते रहे, लेकिन फिर भी इंजेक्शन की वॉयल उपलब्ध नहीं हो सकी। स्वास्थ्य विभाग ने रात तक लखनऊ से सप्लाई आने की बात कहकर तीमारदारों को संतुष्ट कराया।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में संक्रमितों की तादाद तेजी से बढ़ गई है। जनपद में इस वक्त एक्टिव केस की संख्या 2428 चल रह हैं। इनमें 60 फीसदी से अधिक मरीज गंभीर हैं। जो सरकारी और निजी कोविड अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे हैं। सरकारी कोविड अस्पतालों को छोड़कर ज्यादातर निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों पर रेमडेसिविर इंजेक्शन की आवश्यकता पड़ रही है। रोजाना सीएमओ कार्यालय और स्टोर में वॉयल लेने के लिए लाइन लगती है। संक्रमण की दूसरी लहर में दो बार में सौ-सौ इंजेक्शन की बॉयल मिली थी। इनमें पहली खेप में 50 बरेली को भेज दी गई थी। लगातार मरीजों के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शन की डिमांड बढ़ती जा रही है, जबकि लखनऊ से सप्लाई कम है। मंगलवार को वॉयल खत्म होने के बाद सीएमओ कार्यालय से लेकर स्टोर तक तीमारदार दौड़ते रहे, लेकिन फिर भी वॉयल नहीं मिल सकी।
सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि 150 वॉयल बची थी। जिसमें रोजाना करीब 20 वॉयल मरीजों के तीमारदारों पर डॉक्टर के परामर्श पर दी जा रही थी। अब स्टॉक खत्म हो गया है, इसलिए लखनऊ टीम को वॉयल लेने के लिए भेजा गया है। संभवत: रात तक सौ वॉयल मिलने की उम्मीद है। इसके बाद फिर नियमानुसार तरीके से वितरण किया जाएगा।