पीलीभीत। कोरोना संक्रमण से मरने वाले लोगों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को कोविड अस्पताल और अन्य जगहों पर भर्ती 14 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने कोविड प्रोटोकॉल के तहत शवों का अंतिम संस्कार कराया। सीएमओ कार्यालय में कार्यरत 14 स्वास्थ्य कर्मियों समेत 426 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमितों को ट्रेस कर उन्हें कोविड अस्पताल और होम आइसोलेशन में रखा है।
पूरनपुर के गांव कसगंजा निवासी 65 वर्षीय वृद्धा की बीमारी के चलते एंटीजन किट से जांच कराई गई थी। बुधवार को वृद्धा की जांच रिपोर्ट निगेटिव निकली। गुरुवार को इसके बाद वृद्धा को इलाज को पीलीभीत शहर के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी ट्रूनेट मशीन से जांच की गई और इसके बाद वह दवा लेकर वापस आ गई। शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। कुछ देर बाद आई जांच रिपोर्ट में वह पॉजिटिव निकली। इसके बाद का कोविड के तहत अंतिम संस्कार कराया गया।
इसके अलावा नगर की अशोक कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय युवक जोकि बदायूं मंडी समिति में मंडी निरीक्षक को सांस लेने में हो रही थी। परिवार वाले उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां उनकी कोरोना से मौत हो गई। मोहल्ला साहूकारा लाइनपार निवासी और नगरपालिका के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के 28 वर्षीय पुत्र की शुक्रवार को अचानक हालत खराब हो गई। युवक को पीलीभीत ले जाया गया। वहां उसकी मौत हो गई। फिलहाल युवक की कोरोना जांच नहीं हुई थी। इसके अलावा एल-2 कोविड अस्पताल में भर्ती बिलसंडा कस्बे के 60 वर्षीय बुजुर्ग, बीसलपुर के 55 वर्षीय और मझोला के 55 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना से मौत हो गई। यह सभी मरीज दो दिन पहले कोविड अस्पताल में भर्ती हुए थे।
इसके अलावा शहर में सात लोगों की कोरोना से मौत हो गई। कुल मिलकर पूरे दिन में 14 लोगों की जान चली गई। सभी मृतकों के शवों को कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार कराया गया।
सीएमओ कार्यालय के 14 स्वास्थ्य कर्मियों समेत 426 कोरोना पॉजिटिव
लखनऊ से आई जांच रिपोर्ट में सीएमओ कार्यालय में कार्यरत वरिष्ठ लिपिक, स्वास्थ्य विभाग का एआरओ, कम्प्यूटर ऑपरेटर समेत 14 लोग कोरोना संक्रमित निकले। रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम आइसोलेट किया है। इसके अलावा सीएमओ कार्यालय को सैनिटाइज कराया गया। पूरे दिन कार्यालय में कर्मचारी और अन्य लोगों की आवाजाही कम रही। इसके अलावा शहर के विभिन्न मोहल्ले और कॉलोनी में रहने वाले 78, पूरनपुर में 77, मरौरी में 20, ललौरीखेड़ा में 34, बीसलपुर में 100, बिलसंडा में 24, बरखेड़ा में 35, अमरिया में 18, इसके अलावा 38 लोग बार्डर और विभिन्न स्थानों पर हो रही सैंपलिंग में पॉजिटिव मिले हैं। पूरे दिन में कुल 426 कोरोना संक्रमित मिले। सभी लक्षण के हिसाब से कोविड अस्पताल और होम आइसोलेट किया है।