पीलीभीत। कोरोना संक्रमण बढ़ने के बाद प्रशासन की ओर से आयुर्वेदिक कॉलेज में 150 बेड का एल-2 कोविड अस्पताल बनाया जा रहा है। इस अस्पताल में आईसीयू की भी व्यवस्था रहेगी। स्वास्थ्य विभाग इसी सप्ताह अस्पताल को शुरू कराने को तेजी से तैयारी में जुटा है।
पिछले साल मार्च में कोरोना संक्रमण फैलने के बाद जुलाई 2020 में जिला महिला अस्पताल की एमसीएच विंग में 100 बेड का कोविड अस्पताल बनाया था, मगर संक्रमण की दूसरी लहर में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वर्तमान में एल-2 कोविड अस्पताल में 72 मरीज भर्ती हैं। ऐसे में जनपद में भी बेड का संकट गहरा सकता है, इसलिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मंथन करने के बाद समय रहते आयुर्वेदिक कॉलेज में भी 150 बेड का एल-2 कोविड अस्पताल बनाने का फैसला लिया। पिछले सप्ताह ही वहां काम शुरू कर दिया गया था। इसकी जिम्मेदारी सीएचसी जहानाबाद में कार्यरत फार्मासिस्ट संदीप कुमार को दी गई है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल के मुताबिक वहां पर 130 बेड सामान्य के रहेंगे। बाकी 20 बेड का आईसीयू बनाया है। इसमें वेंटिलेटर, ऑक्सीजन, कंसंट्रेटर मशीन समेत तमाम सुविधाएं होंगी। 25 लोगों का स्टाफ काम करेगा। इसके लिए आयुर्वेदिक कॉलेज से भी स्वास्थ्य कर्मियों की सूची मांगी गई है।
सीएमओ ने बताया कि आयुर्वेदिक कॉलेज में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। इसी सप्ताह इसको शुरू करा दिया जाएगा।