पीलीभीत। एक शिक्षक समेत छह लोगों की कोरोना से और मौत हो गई। मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कोविड प्रोटोकॉल के तहत सभी का अंतिम संस्कार कराया। इसके अलावा आरटीपीसीआर जांच में 44 नए कोरोना संक्रमित मिले। रिपोर्ट आने के बाद टीमों ने संक्रमितों को ट्रेस करने के बाद आइसोलेट कराया। इसी के साथ जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 126 हो गई, जबकि एक्टिव की केस की संख्या 1033 हो गई है।
शहर के मोहल्ला शेर मोहम्मद निवासी 40 वर्षीय युवक जोकि बेसिक शिक्षा विभाग के उच्च प्राथमिक विद्यालय महचंदी में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। दो दिन पहले उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। कोरोना के लक्षण होने पर स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें एल-2 कोविड अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां सोमवार रात 12 बजे उनकी कोरोना से मौत हो गई। वहीं शहर के मोहल्ला शेखचांद के रहने वाले 48 वर्षीय युवक की तीन दिन पहले ऑक्सीजन लेवल कम हो गया। इसके बाद परिवार वालों उन्हें एल-2 कोविड अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उनकी एंटीजन किट से हुई जांच में वह निगेटिव निकले, मगर सीटी स्कैन में उनके फेफड़ों में कोरोना संक्रमण निकला। इसके बाद उन्हें एल-2 कोविड अस्पताल में भर्ती कर दिया। जहां उनकी इलाज के दौरान कोरोना से मौत हो गई और शहर में ही मोहल्ला मोहम्मद फारुख में 40 वर्षीय युवक और वाले मिया मजार के पास रहने वाले बुजुर्ग की की एक दिन पहले कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती कर दिया गया। जहां उनकी मंगलवार सुबह कोरोना से दोनों की मौत हो गई। इसके अलावा जहानाबाद कस्बे और पूरनपुर के बलरामपुर कसागंजा के रहने वाले बुजुर्ग की भी कोविड अस्पताल में कोरोना से मौत हो गई। सभी का कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार कराया गया। इसके अलावा उनके परिवार वालों की सैंपलिंग कराई जाएगी।वहीं सोमवार रात लखनऊ से आई जांच रिपोर्ट में चीनी मिल, निजी अस्पताल के तीन कर्मचारी और एक-एक पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मी संक्रमित निकले। इसके अलावा शहर, बीसलपुर, पूरनपुर, बरखेड़ा, अमरिया और बिलसंडा ब्लॉक में 44 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
मृतकों का कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार कराया है। इसके अलावा उनके संपर्क में आने वाले और परिवार वालों की ट्रेसिंग कराई जा रही है। साथ ही और नए मिले संक्रमितों को लक्षण के आधार पर अस्पताल और होम आइसोलेशन में रखा गया है। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ