पीलीभीत। कोरोना संक्रमण की रोकथाम को सरकारी अस्पतालों की ओपीडी बंद कर दी गई है। सिर्फ इमरजेंसी सेवा चालू रहेगी। अभी निजी अस्पताल की ओपीडी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की जा सकी है। शासन की गाइडलाइन का इंतजार है।
जनपद में सक्रिय केस की संख्या 218 हो चुकी है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग संक्रमण रोकने को लेकर खासा संजीदा है। जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी, पीएचसी में भी ओपीडी सेवाओं पर रोक लगा दी गई है। सिर्फ गंभीर रूप से बीमार लोगों का ही इमरजेंसी में उपचार किया जा रहा है। निजी क्लीनिकों में भी कोरोना जांच रिपोर्ट आवश्यक कर दी गई है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि कोरोना के चलते सरकारी अस्पतालों में ओपीडी बंद की गई है, मगर इमरजेंसी सेवा पूरी तरह चालू रहेगी। साथ ही सामान्य बीमारियों के लिए टेलीमेडिसन शुरू की जा रही है। शहर के अन्य प्राइवेट डॉक्टरों को भी जोड़ा जाएगा। जिनके नंबर प्रकाशित किए जाएंगे। ताकि निर्धारित समय पर मरीज फोन पर अपनी बीमारी संबंधी समस्या पर बात कर सकें।