पीलीभीत। कोरोना संक्रमण ने जिलेवासियों को अपनी जद में लेना शुरू कर दिया है। रविवार देर रात आई जांच रिपोर्ट में एक स्वास्थ्य, दो विकास भवन, एक कलक्ट्रेट कर्मचारी समेत 27 नए कोरोना पॉजिटिव निकले। स्वास्थ्य कर्मी को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी थी, मगर इसके बाद भी वह पॉजिटिव हो गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम नें संक्रमितों को ट्रेस करने के बाद उनमें से छह मरीजों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया है जबकि अन्य संक्रमितों को होम आइसोलेट किया है। संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की सूची तैयार कर उनकी सैंपलिंग कराई जा रही है। जनपद में अब एक्टिव केस की संख्या 88 हो गई है।
बीते शुक्रवार को कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए कलक्ट्रेट कैंपस में कोरोना की जांच के लिए वैन बुलाई गई थी। जहां सप्लाई कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर और विकास भवन में कार्यरत दो कर्मचारियों ने अपना सैंपल कराया था। इसके अलावा बीसलपुर सीएचसी पर कार्यरत एक स्वास्थ्य कर्मी ने गले में तकलीफ होने पर 10 अप्रैल को अपनी कोरोना की जांच कराई थी। रविवार देर रात बरेली आईवीआरआई लैब से आई जांच रिपोर्ट में यह लोगों कोरोना पॉजिटिव निकले। रिपोर्ट आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमितों को ट्रेस करने के बाद उन्हें होम आइसोलेट कर दिया। साथ ही उनके संपर्क में आने वाले लोगों की सैंपलिंग कराई जा रही है। विकास भवन, कलेक्ट्रेट और मरौरी ब्लॉक को सैनिटाइज कराया गया है। इनके अलावा शहर की बल्लभ नगर कॉलोनी, साहूकारा में दो-दो, कांशीराम कॉलोनी ईदगाह, निरंजन कुंज कॉलोनी, चंदोई, चिनौरा, मोहल्ला खकरा में एक-एक कोरोना संक्रमित मिला। बरखेड़ा के गांव ज्योरहा और बिलसंडा के गांव नवदिया, बीसलपुर ब्लॉक के गांव बरसिया, दुर्गाप्रसाद और ललौरीखेड़ा कस्बे में एक-एक कोरोना संक्रमित निकला। पूरनपुर के ब्लॉक के मोहल्ला कायस्थान में दो संक्रमित मिले। वहीं बीसलपुर मे बरेली आईवीआरआई कैंपस के रहने वाले और बंडा क्षेत्र के रहने वाले दो युवकों ने रैंडम सैंपल के दौरान बीसलपुर में 10 अप्रैल को कोरोना जांच कराई थी। जांच में वह दोनों युवक कोरोना संक्रमित निकले। इसके अलावा कमिश्नरी कपाउंड प्रयागराज के रहने वाले युवक की बरेली बॉर्डर पर कराई गई जांच में वह भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। संक्रमितों को ट्रेस करने के बाद छह को कोविड अस्पताल और 17 लोगों को होम आइसोलेट किया है।
संक्रमितों की लिस्ट मिलने के बाद उन्हें ट्रेस कराकर लक्षण के आधार पर कोविड और होम आइसोलेशन में रखा गया है। सभी के संपर्क में आने वालों की सूची तैयार कराई जा रही है। सभी की सैंपलिंग कराई जाएगी। - डॉ. सीएम चतुर्वेदी, प्रभारी सीएमओ