पीलीभीत। कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। बृहस्पतिवार देर रात आई जांच रिपोर्ट में शहर के दंपती समेत छह नए कोरोना संक्रमित निकले। संक्रमितों को ट्रेस किया गया। दंपती को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि अन्य चार को होम आइसोलेट किया गया है। जिले में अब सक्रिय संक्रमितों की संख्या 45 हो गई है।
शहर के मोहल्ला सुनगढ़ी की निवासी 58 वर्षीय महिला और 50 वर्षीय पति संक्रमित निकले। दंपती की पुत्रवधु का 25 मार्च को एक निजी अस्पताल में प्रसव हुआ था। 28 मार्च को छुट्टी कराने के बाद परिवार के चार लोग बीमार पड़ गए। सबसे पहले छोटे बेटे ने कोरोना की जांच कराई जोकि निगेटिव आई। सात अप्रैल को दंपती और उनके बड़े बेटे ने कोरोना की जांच कराई। जिसमें दंपती पॉजिटिव निकले, जबकि बड़े बेटे की रिपोर्ट निगेटिव आई है। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमितों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। इनके अलावा शहर में एंटीजन किट से रैंडम सैंपल करने पर राजाबाग कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय युवक और छतरी चौराहा पर रहने वाला एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। टीम ने दोनों संक्रमितों को होम आइसोलेट किया है। वही बीसलपुर ब्लॉक के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद और बिलसंडा के ब्लॉक कनपरी में एक- एक कोरोना संक्रमित मिला है। इन दोनों को भी होम आइसोलेट किया गया है।
सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि दो संक्रमितों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि चार को होम आइसोलेशन में रखा है। संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की कोरोना जांच को टीम लगी हैं।
2654 लोगों ने लगवाई वैक्सीन की डोज
पीलीभीत। कोविड टीकाकरण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ने लगी है। टीकाकरण के नौवें दिन 2554 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवाई।
शुक्रवार को चौथे चरण के बीच शहर के जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, आयुर्वेदिक कॉलेज समेत जिले भर के समस्त सीएचसी पीएचसी पर कोरोना का टीका लगवाने की व्यवस्था की गई। टीकाकरण के दौरान 45 साल से अधिक उम्र वालों में 1707 लोगों ने पहली डोज लगवाई। वहीं आठ लोगों ने दूसरी डोज लगवाई। इसके अलावा बुजुर्गों में पहली डोज में 828 और दूसरी डोज में 102 बुजुर्गो ने टीकाकरण करवाया। कोविड नोडल डॉ. सीएम चतुर्वेदी ने बताया कि 2654 लोगों ने टीकाकरण करवाया है। टीकाकरण के प्रति लोग अब कुछ जागरूक हुए हैं। इसी तरह टीकाकरण आगे भी जारी रहेगा।
कोरोना संक्रमण के चलते मेला निरस्त
बीसलपुर। मेला कमेटी के अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने बताया कि मोहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली स्थित बड़े देवी मंदिर में पिछले कई दशकों से अप्रैल में चिरायां देवी का वार्षिक मेला लगता था। बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए मेला निरस्त कर दिया गया है। पिछले वर्ष भी कोरोना संक्रमण के कारण मेले का आयोजन नहीं हो सका था।
विरोध पर मास्क को लेकर नहीं हो सकी सख्ती
बीसलपुर। व्यापारी नेताओं के विरोध के चलते नगरपालिका प्रशासन शुक्रवार को भी मास्क की अनदेखी पर सख्ती को अभियान शुरू नहीं कर सका। विरोध के डर से पालिका कर्मचारी बाजार में पहुंचे ही नहीं।
नगरपालिका के सभागार में सात अप्रैल को अधिकारियों और व्यापारी नेताओं की संयुक्त बैठक हुई थी। इसमें बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मास्क प्रयोग और सामाजिक दूरी बनाने पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई थी। इसे लेकर अभियान चलाकर अनदेखी करने वालों पर सख्ती की बात कही थी। मगर व्यापारी नेताओं ने विरोध क र दिया था। चालान के नाम पर उत्पीड़न होने पर आंदोलन की चेतावनी दे दी थी। नतीजतन शुक्रवार को भी अभियान की शुरूआत नहीं हो सकी। नगरपालिका के अभियान प्रभारी उमेश चंद्र आनंद ने बताया कि किन्हीं कारणों के चलते अभी अभियान शुरू नहीं हो सका है। शनिवार से अभियान चलाया जाएगा। कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
फिर लापरवाह हो गए लोग, मास्क पहनना भूले
पीलीभीत। एक दिन पहले मास्क की अनदेखी करने वालों पर पुलिस ने सख्ती की थी। 827 लोगों के मास्क अनदेखी पर चालान किए गए। लाखों का जुर्माना भी वसूल किया गया। कार्रवाई होती देख लोगों के मुंह पर मास्क भी लगे दिखाई दिए, मगर यह सब 24 घंटे तक ही सीमित रहा। दूसरे ही दिन यानी शुक्रवार को लोगों ने फिर लापरवाही बरतना शुरू कर दिया। बाजार और सड़कों पर अधिकांश लोग बिना मास्क ही घूमते नजर आए और सामाजिक दूरी की भी परवाह नहीं की। कोरोना की दूसरी लहर ज्यादा खतरनाक साबित होती दिख रही है, ऐसे में बरती जा रही लापरवाही खुद के अलावा दूसरों को भी मुश्किल में डाल सकती है।
संक्रमण की दूसरी लहर में होम आइसोलेट होने वाले मरीजों की निगरानी के लिए निर्देश मिले हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें उनकी लगातार निगरानी कर रही हैं। बैरिकेडिंग के लिए कोई गाइडलाइन नहीं मिली है। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ