पीलीभीत। शहर में एक मोबाइल व्यापारी समेत तीन नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले है। दूसरा पॉजिटिव पूरनपुर में दिल्ली से लौटा प्रवासी और एक महिला शामिल हैं। संक्रमित महिला की रिपोर्ट एक दिन पूर्व निजी लैब से आने के बाद उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो संक्रमितों की रिपोर्ट आने पर उन्हें भी कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब कोरोना पॉजिटिव की संख्या 141 हो गई है।
बृहस्पतिवार को आई जांच रिपोर्ट में शहर के मोहल्ला बुजकसवान निवासी मोबाइल व्यापारी का 29 जून को रैंडम सैंपल कराया गया था। इसके बाद उसे होम क्वारंटीन किया गया था। मगर, वह अपनी दुकान और बाजार में घूमता रहा। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग ने उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके अलावा पूरनपुर के मोहल्ला नूरी नगर निवासी युवक 29 जून को दिल्ली से आया था। स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल लेकर उसे होम क्वारंटीन किया था। बृहस्पतिवार को आई जांच रिपोर्ट में वह कोरोना संक्रमित पाया गया। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित को लेने के लिए टीम को रवाना कर दिया है। इसके अलावा पूरनपुर के ही मोहल्ला साहूकारा की रहने वाली एक महिला की निजी लैब से एक जुलाई को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। सीएमओ ने बताया कि महिला को बुधवार को ही कोविड अस्पताल में भर्ती कर दिया गया था। स्वास्थ्य विभाग अब इन लोगों के संपर्क में आने वालों की तलाश कर रहा है।