पीलीभीत। कोरोना संक्रमित मिले दोनों लोगों के परिजन और उनके संपर्क में आने वालों की तलाश में स्वास्थ्य विभाग के अफसर रातभर इधर-उधर दौड़ते रहे। इस दौरान दौलतपुर हीरा गांव के कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने वाले 18 लोग और संडई गांव में संपर्क में आने वाले 36 लोगों के बाद सैंपल लिए गए हैं। इन सभी को रात में ही क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया।
बीसलपुर। दिल्ली से आने के बाद क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट चार लोगों में से गांव दौलतपुर हीरा निवासी एक युवक में मंगलवार अपराह्न लखनऊ से आई रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक कोरोना संक्रमित युवक दिल्ली से आने के बाद सीधे अपने घर चला गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित युवक की पत्नी, दो बच्चों समेत परिवार के 12 लोग और उनके संपर्क में आने वाले छह अन्य लोगों के सैंपल लिए। इन सभी को अग्रवाल सभा भवन में क्वारंटीन किया गया है। एसडीएम चंद्रभानु सिंह, एसीएमओ डॉ. सीएम चतुर्वेदी, बीडीओ जेसी जोशी और सीएचसी अधीक्षक डॉ. ठाकुुरदास ने गांव का दौरा कर लोगों से घरों में रहने की अपील की।
माधोटांडा। कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव संडई निवासी 27 वर्षीय युवक आठ मई को अपने 11 साथियों के साथ अंधेरी मुंबई महाराष्ट्र से गांव लौटा था। अन्य 11 लोग रानीगंज और शाहगढ़ के रहने वाले हैं। इसकी जानकारी लगने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर 10 लोगों की स्क्रीनिंग की। इसके बाद इन सबको प्राथमिक स्कूल संडई में बने शेल्टर होम में क्वारंटीन कर दिया था। जबकि दो लोग स्वास्थ्य विभाग की टीम को चकमा देकर अपने घर चले गए थे, जिनमें एक रानीगंज और दूसरा शाहगढ़ निवासी हैं। 10 मई को उन सभी दस लोगों को शेल्टर होम से निकालकर सीएचसी के क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट किया गया। मंगलवार रात संडई निवासी युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। रात करीब एक बजे क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट कोरोना संक्रमित युवक को एंबुलेंस से कोविड अस्पताल बरेली भेज दिया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम को चकमा देकर भागने वाले दोनों युवकों को गांव रानीगंज और शाहगढ़ में ढूंढने के बाद क्वारंटीन किया गया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विनीत यादव ने बताया कि संडई निवासी युवक के परिवार और उसके संपर्क में आने वाले 21 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। कोराना संक्रमित के गांव रानी निवासी उसके साथी और परिवार के अलावा उसके संपर्क में आने वाले 11 और मुंबई से युवक के साथ वापस लौटे शाहगढ़ निवासी एक युवक का सैंपल लिया गया है। गुजरात से आए हजारा क्षेत्र के तीन युवकों के भी सैंपल लिए गए हैं। यह भी संक्रमित युवक के साथ शेल्टर होम में रहे थे। कुल 36 लोगों के सैंपल लेने के बाद इन्हें क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया है।
दोनों कोरोना संक्रमित युवकों के परिवार वालों और उनके संपर्क में आए लोगों को ट्रेस कर लिया गया है। कुल 54 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। सबको कलीनगर क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है। संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ