पीलीभीत। कांशीराम कालोनी में सोमवार को मिले कोरोना संक्रमित युवक के परिजनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। ऐसे में उन्हें क्वारंटीन सेंटर से घर भेज दिया गया है और होम क्वारंटीन रहने को कहा गया है। हालांकि कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
शहर की ईदगाह कांशीराम कॉलोनी निवासी युवक अपनी पत्नी के साथ 29 मई को दिल्ली से वापस आया था। कालोनी में उसके मां-पिता के साथ ही तीन भाई-बहन रहते हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक का सैंपल कराया था। सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया था। उसके बाद उसके परिवार के छह लोगों के साथ कालोनी के अन्य 14 लोगों के सैंपल कराए गए थे। बृहस्पतिवार देर रात आई जांच रिपोर्ट में संक्रमित युवक के परिवार वाले निगेटिव पाए गए। शुक्रवार को उन्हें क्वारंटीन सेंटर से डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया। हालांकि उसके संपर्क में आने वाले 14 लोगों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। इसलिए उन्हें क्वारंटीन सेंटर में ही रखा गया है।
जांच रिपोर्ट निगेटिव आने पर संक्रमित युवक के परिवार वालों को क्वारंटीन सेंटर से डिस्चार्ज कर दिया गया है। अन्य लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। कांशीराम कॉलोनी में और लोगों को भी ट्रेस किया जा रहा है। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ