फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

17 और कोरोना संक्रमित ठीक होकर घर गए, अब बचे 12 एक्टिव केस

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। कोरोना संक्रमितों की संख्या एक तरफ लगातार बढ़ रही है। वहीं कोरोना से लड़कर ठीक होने वालों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ा है। जनपद में अब तक 45 कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। इनमें से 16 मरीज निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद डिस्चार्ज होकर घर जा चुके हैं। शुक्रवार को 174 और शनिवार रात को 124 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई। इन कुल 298 लोगों में से कोविड अस्पताल में भर्ती 17 कोरोना संक्रमितों की रिपोर्ट भी निगेटिव निकली। इसके बाद कोविड अस्पताल से उन्हें छुट्टी दे दी गई। अब जनपद में कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 12 रह गई है।
विज्ञापन

शहर से सटे चंदोई और नाकूड़ गांव में 15 मई को बस से तीन प्रवासी जयपुर से लौटे थे। तीनों का सैंपल लेकर उन्हें होम क्वारंटीन किया गया था। 18 मई को आई जांच रिपोर्ट में तीनों युवक कोरोना संक्रमित पाए गए थे। शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में मोहम्मद मियां की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। 13 दिनों के बाद उसे भी बरेली के कोविड अस्पताल से छुट्टी मिल गई। इससे पहले गुरुवार को आई जांच रिपोर्ट में मोहम्मद सत्तार की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसे पहले ही घर भेजा जा चुका है। इस तरह चंदोई के दोनों युवक कोरोना से जंग जीते चुके है। अस्पताल से डिस्चार्ज हुए मरीजों ने डॉक्टरों और स्टाफ का आभार जताया। इसके शनिवार रात 124 लोगों की आई रिपोर्ट में चंदोई के करीबी गांव नाकूड़ के उनके साथी युवक कासिम की रिपोर्ट भी निगेटिव आई। उसका कोविड अस्पताल में इलाज चल रहा है। शनिवार रात निगेटिव पाए गए कासिम समेत सभी 13 संक्रमितों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
शनिवार को इनकी रिपोर्ट आई निगेटिव
नाकूड़ गांव के कासिम के साथ ही पूरनपुर के गांव कबीरगंज निवासी अमित कुमार, सेहरामऊ उत्तरी निवासी मोहम्मद हारून, न्यूरिया के मोहल्ला तिगड़ी निवासी मोहम्मद जैद, कलीनगर के बंगला गांव निवासी अखिलेश कुमार, बिलसंडा के लीलहर निवासी राजीव कुमार, अमरिया के उदयपुर गांव की राजकुुमारी, भिखारीपुर निवासी सादिक हुसैन, सेहरामऊ के गोविंदपुर निवासी विजय कुमार, पूरनपुर के मोहल्ला रजागंज निवासी अनीस और बरखेड़ा के खमरिया पंडरी के दो बच्चों की रिपोर्ट निगेटिव आई। इन 13 के अलावा शाहजहांपुर के भी चार लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अभी ये सभी 14 दिन तक होम क्वारंटीन रहेंगे।
विज्ञापन

खमरिया पंडरी के दोनों संक्रमित बच्चे भी हुए स्वस्थ
बरखेड़ा क्षेत्र के खमरिया पंडरी गांव में 15 मई को हसीना बेगम परिवार के पांच सदस्यों के साथ उनकी पूल टेस्टिंग कराई गई। 18 मई की रात इनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद महिला को बरेली के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बरेली में कुछ दिन इलाज करने के बाद उसे आयुर्वेदिक कॉलेज (पीलीभीत) में शिफ्ट कर दिया गया था। 174 सैंपल की आई जांच रिपोर्ट में यह महिला निगेटिव पाई गई है। उसके परिवार के अन्य लोगों की रिपोर्ट पहले ही निगेटिव आ चुकी हैं। शनिवार को महिला को कोविड अस्पताल से घर भेज दिया गया। गांव के कौसर हुसैन के दो बेटों 10 वर्षीय मुसर्रफ और तीन वर्षीय अरहन की रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई। इन दोनों बच्चों को रिपोर्ट 21 मई को पॉजिटिव पाए जाने के बाद मां रुखसार के साथ जहानाबाद में भर्ती किया गया था।
सात साथी पहले ही बच गए थे, अब नदीम ने भी जीती जंग
बीसलपुर के रिछोला सबल गांव निवासी 19 वर्षीय नदीम 17 मई को पड़ोसी गांव मीरपुर वाहनपुर के सात अन्य सथियों के साथ जयपुर से आया था। बीसलपुर सीएचसी में स्क्रीनिंग के बाद उसका सैंपल जांच को भेजा गया था। 20 मई को आई जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे कोविड अस्पताल (जहानाबाद) में भर्ती कराया गया था। उसके साथ के लोगों को भी सैंपल लेकर क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था, उनके सैंपल निगेटिव आने के बाद घर भेज दिया गया था। वहीं संक्रमित नदीम की रिपोर्ट शुक्रवार को निगेटिव आ गई, इसके बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
माधोटांडा के रामसरन ने भी कोरोना को दी मात
माधोटांडा क्षेत्र के मल्लपुर खजुरिया निवासी 29 वर्षीय रामसरन 15 मई को पैदल राजस्थान से वापस लौटा था। वह राजस्थान में गेहूं की कटाई करने के लिए गया था। ड्रमंड कॉलेज में सैंपलिंग करने के बाद उसे होम क्वारंटीन कर दिया गया। 18 मई को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। उसके परिवार के सात लोगों का भी सैंपल लेकर उन्हें क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। परिवार के लोगों के सैंपल निगेटिव आने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था। जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद रामसरन को भी घर भेज दिया गया है। घर भेजे गए मरीजों से 14 दिन तक होम क्वारंटीन रहने को कहा गया है।
लैब से आई जांच रिपोर्ट में 17 कोरोना संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बाद उन्हें कोविड अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अब जनपद में कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 25 रह गई है। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें