पीलीभीत। कोविड अस्पताल में कोरोना से जंग लड़ रहे संक्रमित मरीजों के लिए शासन ने नई गाइडलाइन जारी होने के बाद संक्रमित का अब एक ही सैंपल कराया जा रहा है। अगर इस जांच में रिपोर्ट निगेटिव आ जा रही है तो उसे डिस्चार्ज किया जा रहा है, हालांकि होम क्वारंटीन किया जा रहा है। अब तक दो जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ऐसे मरीजों को कोविड अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा रहा था।
मरीजों की लगातार संख्या बढ़ने के बाद जांच का बोझ स्वास्थ्य विभाग पर बढ़ रहा था। इसे ध्यान में रखते हुए शासन ने अपनी गाइडलाइन में फेरबदल किया है। नई गाइडलाइन में कोरोना संक्रमित मरीजों के कोविड अस्पताल में भर्ती होने के बाद 12 दिन में सैंपल लेकर जांच कराना होगी। अगर उनके सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव आती है तो संक्रमित मरीज को घर भेजकर उसे सात या फिर 14 दिन तक होम क्वारंटीन किया जाएगा।
कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने के बाद जनपद में कुल 45 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की कड़ी मेहनत से 20 संक्रमित कोरोना से जंग जीतकर घर जा चुके हैं। अब 25 एक्टिव केस बचे हैं।
शासन की नई गाइडलाइन आने के बाद संक्रमित मरीजों का 12 वें दिन सैंपल कराया जा रहा है। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें घर भेजकर होम क्वारंटीन किया जा रहा है। ऐसे मरीजों पर निगरानी के लिए गांव की आशा और ग्राम प्रधान को जिम्मेदारी दी गई है। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ।