- जनपद में तीन दिन में सामने आ चुके हैं कोरोना के चार मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। कोरोना की सतर्कता के बीच जनपद में तीन दिन में कोरोना के चार मामले सामने आए हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से सतर्कता बढ़ा दी गई है। अस्पताल में मास्क लगाने के लिए सख्ती की जा रही है। चिकित्सक भी मरीजों को सलाह दे रहे हैं, लेकिन अभी इसका असर कम दिख रहा है। मंगलवार को जिला अस्पताल में भीड़ के बीच अधिकांश मरीज और तीमारदार बिना मास्क के ही दिखाई दिए।
इस साल जनवरी माह की शुरुआत में कोरोना का एक मामला सामने आया था। तीन माह से हालात सामान्य थे। मार्च के आखिरी सप्ताह में जनपद में कोरोना के चार मामले सामने आ गए। जिसमें दो बीसलपुर, एक अमरिया और एक शहर के सुनगढ़ी क्षेत्र का है।
संक्रमितों में सामान्य लक्षण मिले हैं। किसी भी संक्रमित के बाहर से आने की बात सामने नहीं आई। हालांकि इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ाने के साथ जांच का दायरा बढ़ा दिया। अस्पतालों में आने वाले मरीजों को मास्क समेत कोरोना की गाइडलाइन का पालन करने पर जोर दिया जा रहा है। मरीज व तीमारदारों से मास्क लगाकर आने की बात कही जा रही है। डाॅक्टरों ने मेज के पास पन्नी लगा ली है।
000
सुनगढ़ी क्षेत्र में मिले संक्रमित के संपर्क में आए 30 लोगों को लिया सैंपल
शहर के सुनगढ़ी क्षेत्र में 58 वर्षीय व्यक्ति में सोमवार रात आई रिपोर्ट के बाद कोरोना की पुष्टि हुई। हालांकि संक्रमित कहीं बाहर से नहीं आया था। लक्षण महसूस होने पर जिला अस्पताल पहुंचकर खुद ही एंटिजन किट से जांच कराई थी। जिसके बाद कोरोना की पुष्टि हुई। विभाग की ओर से संक्रमित को होम आइसोलेट कर संपर्क में आने वाले 30 लोगों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।