पीलीभीत। जिले में कोरोना संक्रमण से तीन लोगों की कोविड अस्पताल में मौत हो गई। जबकि इनमें एक महिला मृत अवस्था में ही कोविड अस्पताल पहुंची थी। इसके अलावा पूरे दिन चली सैंपलिंग में 206 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। कोविड प्रोटो कॉल के तहत अंतिम संस्कार कराया। वहीं संक्रमितों को ट्रेस करने के बाद उन्हें कोविड अस्पताल और होम आइसोलेट किया है। जनपद में मरने वालों की संख्या 103 हो गई है। वहीं एक्टिव केस की संख्या 612 से बढ़कर 818 हो गई है।
बरखेड़ा के परेवा अनूप की रहने वाली एक 45 वर्षीय महिला की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई है। इस पर परिवार वाले उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसकी बिना एंटीजन किट से जांच किए ही उसे एल-2 कोविड अस्पताल में भिजवा दिया है। जहां उसका ऑक्सीजन लेवल चेक किया, तो वह 80 से कम था। इस पर उसे भर्ती कर लिया है। जहां उसकी मौत हो गई। मामला संदिग्ध होने पर उसका कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार कराया है। साथ ही परिवार वालों की सैंपलिंग भी की गई है। इसके अलावा कोविड अस्पताल में तीन दिन से भर्ती शहर के एक प्राइवेट कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय बुजुर्ग और बीसलपुर के रहने वाले 71 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। सभी को कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार करने के बाद परिवार वालों की सैंपलिंग कराकर उन्हें होम आइसोलेशन में रहने की हिदायत दी है। वहीं गुरुवार देर रात आई जांच रिपोर्ट में मोहल्ला थान सिंह, बल्लभ नगर कॉलोनी, निरंजन कुंज कॉलोनी, थान सिंह, आसफजान, एकतानगर, नकटादाना चौराहा, सुनगढ़ी, कृष्ण लोक कॉलोनी, देशनगर, खकरा, अशोक कॉलोनी, ट्रांसपोर्ट नगर,मधुवन कॉलोनी, मस्जिद पठानी समेत 98 कोरोना संक्रमित निकले। मरौरी, अमरिया, बीसलपुर, पूरनपुर समेत 144 कोरोना संक्रमित निकले हैं। वहीं शुक्रवार को एंटीजन किट से हुई जांच में अमरिया में नौ, पूरनपुर में तहसीदार और एआरओ समेत पांच, बीसलपुर में आठ, रेलवे स्टेशन, रोडवेज, ललौरीखेड़ा, न्यूरिया समेत विभिन्न स्थानों पर हुई जांच कराई गई। इस दौरान एंटीजन से 67 कोरोना संक्रमित मिले हैं।
कोविड अस्पताल में इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें एक की कोरोना जांच नहीं हुई थी। फिलहाल तीनों का अंतिम संस्कार कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार कराया। वहीं संक्रमितों को ट्रेस करने के बाद उन्हें होम आइसोलेट किया है। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ