पीलीभीत। कोरोना संक्रमण से मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब गजरौला के एक युवक की बरेली के कोविड अस्पताल में इलाज के दौरान कोरोना से मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोविड नियमावली के तहत मृतक का अंतिम संस्कार कराया। बता दें कि जिले में अब तक कोरोना से 49 लोगों की मौत हो चुकी है।
गजरौला क्षेत्र की बेबी कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय युवक की एक सितंबर को अचानक तबीयत खराब हो गई। परिवार वालों ने दो सितंबर की सुबह जिला अस्पताल पहुंचकर ट्रूनेट मशीन से उसकी कोरोना की जांच कराई थी। जांच में वह कोरोना पॉजिटिव निकला। स्वास्थ्य विभाग ने उसे एल-1 कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। मगर सांस लेने में तकलीफ होने पर युवक को रात में ही बरेली के कोविड अस्पताल रेफर कर दिया। वहां युवक का इलाज चल रहा था। रविवार को उसकी कोविड अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बरेली से जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिवार के दो सदस्यों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम बरेली रवाना हो गई। टीम ने बरेली से शव लाने के बाद गांव में कोविड के नियमानुसार पीपीई बॉडी कवर पहनाकर उसका अंतिम संस्कार कराया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतक की कॉलोनी पहुंचकर उनके परिवार वालों की कोरोना की जांच भी की। उसके बाद उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया है। गांव को भी सैनिटाइज कराया गया। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि बरेली में इलाज के दौरान युवक की कोरोना से मौत हुई थी। मृतक के परिवार वालों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। मगर, फिर भी उन्हें सावधानी के तौर पर होम क्वारंटीन किया गया है।