अमरिया। गुर्दे का इलाज कराने के लिए बरेेली के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराई गई महिला एक दिन पहले ही कोरोना संक्रमित पाई गई थी। जांच रिपोर्ट आने के 24 घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई। कोविड नियमावली के तहत महिला का अंतिम संस्कार कराया गया।
तहसील क्षेत्र के चठिया भैंसहा गांव निवासी 50 वर्षीय महिला के गुर्दों में परेशानी थी। एक सप्ताह पूर्व बरेली के निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया। कोई राहत न होने पर परिवार के लोगों ने बुधवार सुबह वहां के निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां कोरोना जांच की गई तो महिला संक्रमित निकली। इसी बीच इलाज के दौरान बृहस्पतिवार सुबह महिला की मौत हो गई। कोविड नियमावली के तहत महिला का अंतिम संस्कार किया गया। अब स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी महिला के परिवार और संपर्क में आने वालों की जानकारी जुटा रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. लोकेश गंगवार ने बताया कि गुर्दे का इलाज कराने गई महिला की बरेली के अस्पताल में मौत हुई है। वह बुधवार को कोरोना जांच में पॉजिटिव निकली थी।