पीलीभीत। एसीएमओ के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद सीएमओ कार्यालय में काम करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों का सैंपल लिया गया था। रविवार को देर रात आई जांच रिपोर्ट में सीएमओ समेत समस्त स्टाफ की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बाद सीएमओ कार्यालय को खोल दिया गया है। मगर, ललौरीखेड़ा में एक स्वास्थ्य अधिकारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सीएसची को सील कर दिया गया है।
एसीएमओ की ट्रूनेट मशीन से हुई जांच में बृहस्पतिवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद सीएमओ कार्यालय में खलबली मच गई थी। शुक्रवार को सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल, दो एसीएमओ , सीएचसी पीएचसी के डॉक्टरों समेत 52 कर्मचारियों का सैंपल लिया गया था। सीएमओ कार्यालय को भी 48 घंटे को सील कर दिया था। रविवार को आई जांच रिपोर्ट में सीएमओ कार्यालय के समस्त स्टाफ की रिपोर्ट निगेटिव निकली। इसके बाद सोमवार को सीएमओ कार्यालय भी खोल दिया गया। पहले की तरह यहां पर काम हुआ। हालांकि स्टाफ कम ही पहुंचा। संवाद