पूरनपुर। यूपी 112 नंबर का सिपाही संक्रमित निकलने के बाद उसके संपर्क में आए सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र की सुल्तानपुर पुलिस चौकी के इंचार्ज, चार सिपाही, फालोअर समेत छह के अलावा कुल 12 लोगों के सैंपल लिए गए। संक्रमण के खतरे को देखते हुए पुलिस चौकी को सील कर दिया गया है।
डायल नंबर 112 पर ड्यूटी करने वाले सिपाही की सोमवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। सिपाही सेहरामऊ उत्तरी थाना के सुल्तानपुर पुलिस चौकी में रहता था। मंगलवार को इसकी भनक लगने पर एसडीएम राजेंद्र प्रसाद, तहसीलदार विजय कुमार त्रिवेदी स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंचे। एसडीएम ने बताया कि सिपाही के संपर्क में आए चौकी इंचार्ज, चार सिपाही, फालोअर समेत छह अन्य लोगों का सैंपल लिया गया है। पुलिस चौकी को सील कर दिया गया है। पुलिस चौकी फरियाद लेकर पहुंचने वाले लोगों को असुविधा न हो, इसके लिए सेहरामऊ उत्तरी एसओ को निर्देश दिए गए हैं। इधर, सीएचसी कंट्रोल रूम प्रभारी सुशांत हलधर ने बताया कि गांव कुर्रिया खुर्द से चार, मोहल्ला कायस्थान से दो और मोहल्ला रजागंज से एक युवक को सैंपलिंग के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।