पीलीभीत। कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए शासन ने स्वास्थ्य विभाग को सामुदायिक कार्यालयों के स्टाफ की पूल टेस्टिंग कराने के आदेश दिए हैं। इसके तहत सभी सरकारी-निजी अस्पताल कर्मी, पुलिस, मीडियाकर्मी समेत अन्य सरकारी या प्राइवेट दफ्तर के कर्मचारियों के सैंपल लेकर उनकी जांच कराई जाएगी।
कोरोना संक्रमण के फैलाव को देखते हुए पूरे देश में लॉकडाउन है। जनपद की सीमाएं भी सील की गई हैं। अमरिया कस्बे को हॉटस्पाट चिह्नित करने के बाद घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। इधर, शासन ने स्वास्थ्य विभाग को सामुदायिक कार्यालयों में काम करने वाले कर्मियों की सैंपलिंग कर जांच कराने के आदेश दिए हैं। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि शासन के निर्देश पर प्रत्येक सामुदायिक कार्यालय और निजी और सरकारी अस्पताल के 50 फीसदी कर्मियों का सैंपल कर उनकी जांच कराई जाएगी। इसमें सरकारी-गैर सरकारी अस्पताल के स्टाफ के अलावा पुलिस, मीडिया कर्मी और सार्वजनिक स्थानों पर जनता के संपर्क में आने वाले सभी कर्मचारी शामिल हैं।
पुलिसकर्मियों की स्क्रीनिंग जारी
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा प्रत्येक थाना-चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि शहर की असम रोड चौकी, थाना जहानाबाद, न्यूरिया के अलावा बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मियों की स्क्रीनिंग की गई। सदर तहसील में तहसीलदार विवेक मिश्रा समेत सभी राजस्व कर्मियों की स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा कई अन्य अफसर और कर्मचारियों की भी स्क्रीनिंग की गई है।