पीलीभीत। पुलिस लाइन में तैनात सिपाही के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप है। संक्रमित सिपाही सैंपल कराने के बाद अन्य पुलिस कर्मियों के संपर्क में आया था। इसके साथ ही शहर में भी घूमता रहा। उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है।
पुलिस लाइन में तैनात 28 वर्षीय सिपाही बृहस्पतिवार को आई जांच रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव पाया गया। यह सिपाही सैंपल करने के बाद अपने साथी सिपाही के साथ शहर में घूूमता रहा। वह कई अन्य पुलिस कर्मियों के संपर्क में भी आ गया। सिपाही के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर कोतवाली पुलिस से लेकर पुलिस लाइन तक हड़कंप मचा है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने देवहा चौकी पहुंचकर उसके साथ में रहने वाले और संपर्क में आने वाले सात सिपाहियों का सैंपल लेकर उन्हें क्वारंटीन किया। अर्बन नोडल डॉ. आर के सिंह की टीम ने देवहा चौकी और पुलिस लाइन में मोबाइल यूनिट सेे 60 पुलिस कर्मियों के सैंपल कराए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित सिपाही की बैरक और देवहा चौकी परिसर को सैनिटाइज किया।
क्वारंटीन सेंटर पर भी किया था हंगामा
संक्रमित मिले सिपाही ने दो दिन पूर्व अग्रवाल सभा क्वारंटीन सेंटर पर ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों के अभद्रता करते हुए हंगामा भी किया था। कुछ स्वास्थ्य कर्मियों ने सीओ सिटी और कोतवाली पुलिस को भी सूचना दी थी। हालांकि इस मामले का कोई संज्ञान नहीं लिया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने सिपाही के द्वारा की गई अभद्रता को सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल को भी अवगत कराया है। सीएमओ ने सिपाही की रिपोर्ट एसपी को भेजी है।
संक्रमित मिलने पर भी देवहा चौकी सील नहीं
शासन की गाइड लाइन है कि शहर में संक्रमित मिलने पर 250 मीटर के दायरे में आने वाले एरिया को सील किया जाएगा। लेकिन देवहा चौकी में रहने वाला सिपाही संक्रमित मिला तो पूरी चौकी सील न करके सिर्फ उसकी बैरक को ही सील किया गया है। बाकी पूरा हिस्सा खुला है। एलआईयू दफ्तर में लोगों का आना जाना जारी है। यहां कई अन्य परिवार भी रहते हैं।
संक्रमित सिपाही को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया है। संपर्क में आने वाले सिपाहियों को क्वारंटीन किया है। अन्य पुलिस कर्मियों के भी सैंपल कराए गए हैं। अभद्रता को लेकर एसपी को रिपोर्ट भेजी जा रही है। -डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ