पूरनपुर। भीषण गर्मी में ओवरलोड के कारण कहीं ट्रांसफार्मर बंद करने पड़ रहे हैं, तो कहीं केबल टूटकर गिर रही हैं। बुधवार रात और बृहस्पतिवार दिन में भी ट्रिपिंग का सिलसिला जारी रहा। हांफ रहे ट्रांसफार्मरों को ठंडा करने के लिए कूलर लगाए गए।
बता दें कि विद्युत उपकेंद्र में लगे पांच-पांच एमबीए के दो ट्रांसफार्मरों की क्षमता 262 एंपियर का लोड उठाने की है, लेकिन करीब 300 एंपियर से अधिक का लोड पड़ रहा है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ने के साथ केबलों पर भी लोड बढ़ा है। कहीं गर्म होने पर ट्रांसफार्मर बंद करने पड़ रहे है तो कहीं केबल टूटकर गिर रहीं है। बुधवार शाम आठ बजे मोहल्ला रजागंज में केबल टूटकर गिरने से फीडर नंबर तीन की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।
करीब नौ बजे शेरपुर रेलवे क्राॅसिंग के समीप रखे ट्रांसफार्मर का तेल निकलने से फीडर नंबर तीन की बिजली आपूर्ति फिर बंद की गई तो 10 बजे ट्रांसफार्मर में खराबी सही करने के लिए फ्यूज खोल दिए गए। इससे इस इलाके की बिजली आपूर्ति एक घंटे ठप रही।
11 बजे इसी ट्रांसफार्मर की आपूर्ति चालू करने को फिर फीडर तीन की बिजली आपूर्ति आधा घंटे बंद की गई। रात 12 बजे रामलीला मेला मैदान के समीप केबल टूटकर गिरने से उससे संबंधित चार सौ केवीए ट्रांसफार्मर से आपूर्ति बंद कर दी गई। जो रात दो बजे के बाद सुचारू हुई। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे पूरे नगर की बिजली आपूर्ति दो घंटे ठप रही।
बृहस्पतिवार को दिन में साढ़े 12 बजे फिर शेरपुर रेलवे क्राॅसिंग के समीप रखे 400 केवीए ट्रांसफार्मर में खराबी से इस क्षेत्र की बिजली आपूर्ति काट दी गई।
अवर अभियंता कुलदीप सिंह ने बताया कि गर्मी में लोड बढऩे से फाॅल्ट बढ़ गए हैं। उपभोक्ताओं को असुविधा न हो इसको लेकर लाइनमैनों को सतर्क किया गया है।
ट्रांसफार्मर की लीड जल जाने से दो घंटा बाधित रही बिजली
पीलीभीत। ट्रांसफार्मर की लीड जल जाने से मोहल्ला साहूकारा की बिजली दो घंटे तक गुल रही। अन्य इलाकों में भी बिजली का संकट बना रहा।
बृहस्पतिवार को दोपहर में मोहल्ला साहूकारा की बिजली गुल हो गई, इस कारण दो घंटे बिजली ठप रही। जेई जहांगीर आलम ने बताया कि लीड को सही करा दिया गया है।
मोहल्ला तखान में बुधवार को रात करीब 9 बजे एक फेस में दिक्कत आ गई थी जिस वजह से पूरी रात लोग गर्मी में बिजली आने का इंतजार करते रहे। बृहस्पतिवार को दोपहर मेें फेस सही होने के बाद बिजली आ सकी। इधर, मोहल्ला सुनगढ़ी, अशोक नगर कॉलोनी, एकता नगर कॉलोनी, निरंजन कुंज कॉलोनी में भी अघोषित बिजली कटौती व लो वोलटेज से उपभोक्ता परेशान रहे। संवाद