बीसलपुर। मोहल्ला ग्यासपुर के एक ठेकेदार को बुधवार की देर रात कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश में गोली मार दी। घायल ठेकेदार को बरेली के एक निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। गुस्साए परिजनों ने बृहस्पतिवार की सुबह चीनी मिल चौकी के सामने शव रखकर जाम लगा दिया। एक घंटे बाद पुलिस ने जैसे-तैसे लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला ग्यासपुर निवासी सबीना बेगम ने बताया कि उनके पति पप्पू बख्श (35) ठेकेदार थे। वह निर्माण कार्य कराने वाले लोगों को श्रमिक उपलब्ध कराते थे। पप्पू इसी काम के सिलसिले में बुधवार देर रात कोतवाली क्षेत्र के ही गांव चौसरा में श्रमिकों की तलाश में गए थे। आरोप है कि चौसरा वाली पुलिया पर पहले से ही घात लगाए बैठे चार लोगों ने पुरानी रंजिश में पप्पू को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली पप्पू की बाईं जांघ में लगी। गोली जांघ के चीरते हुए पार निकल गई। पप्पू ने फोन पर परिजनों को मामले की जानकारी दी।
परिजन तत्काल मौके पर पहुंच गए। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। स्थिति नाजुक होने के कारण परिजन पप्पू को बरेली लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजन शव को घर ले आए और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे परिजन और रिश्तेदारों ने मोहल्ले के लोगों के साथ चीनी मिल चौकी के सामने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उप जिलाधिकारी सचिन राजपूत, सीओ सतीश शुक्ला और कोतवाल अशोक पाल ने मौके पर पहुंचकर जाम लगाने वालों को समझाया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नामजद आरोपियों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन पर जाम करीब एक घंटे बाद खत्म हो गया। जाम के दौरान बिलसंडा रोड, शाहजहांपुर रोड और पीलीभीत रोड पर वाहनों की कतार लग गईं।
कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि पप्पू की पत्नी की तहरीर पर मोहल्ला ग्यासपुर निवासी जमाल, बबलू, हसनैन और कोतवाली क्षेत्र के ही गांव रसिया खानपुर निवासी दूल्हा मियां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कोतवाल ने बताया कि जांच पड़ताल में पता चला है कि हमलावरों ने गोली बिल्कुल सटाकर मारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक की पत्नी सबीना, मां जाफरी, पुत्र अरशद, अमन और पुत्री अर्शी का रोते-रोते बुरा हाल है।
पप्पू बक्स का फाइल फोटो । स्रोत - परिजन