सांसद के बुलावे पर नौ दिसबंर को फिर दिल्ली आएगा प्रतिनिधिमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। चैनेलाइजेशन कराने की मांग को लेकर चंदिया हजारा में चल रही क्रमिक भूख हड़ताल 85वें दिन भी जारी रही। मांग पूरी नहीं होने से आंदोलनकारियों में रोष है। सांसद वरुण गांधी ने आंदोलनकारियों के प्रतिनिधिमंडल को फिर दिल्ली बुलाया है। प्रतिनिधिमंडल नौ दिसंबर को दिल्ली पहुंचकर सांसद से मुलाकात करेगा।
शारदा नदी पिछले कई सालों से बारिश के दौरान गांव चंदिया हजारा, राहुलनगर, कॉलोनी नंबर छह में तबाही मचाती रही है। इस बार भी बाढ़ के कारण काफी बर्बादी हुई। किसानों की 200 एकड़ जमीन पर लहलहाती गन्ना, हल्दी आदि की फसलें नदी में समा गईं।
गांव से बहाव दूर कराने के लिए नदी की खोदाई (चैनेलाइजेशन) की मांग क्षेत्र के लोग चार सालों से कर रहे हैं। चार साल पहले चैनेलाइजेशन के लिए बजट स्वीकृत होने पर मशीनें भी गांव में पहुंची थीं, मगर वन विभाग की आपत्ति पर मशीनों को वापस कर दिया गया।
ऐसे में चैनेलाइजेशन की मांग को लेकर 11 सितंबर से चंदिया हजारा के खेल मैदान पर बेमियादी क्रमिक भूख हड़ताल चल रही है। समस्या का समाधान न होने से ग्रामीणों में रोष है। एक साल पहले भी गांव के लोगों ने आंदोलन किया था। तब उनको चैनेलाइजेशन कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करा दिया गया।
इधर सोमवार को भी क्रमिक भूख हड़ताल जारी रही। सोमवार को क्रमिक भूख हड़ताल में चंपा कुंडू, रंजीत, अमेला सरकार, रानीशील, सरला, ममता मजूमदार, पूजा मंडल, कमला मंडल, सावित्री मंडल, कालीदासी, लक्ष्मी सरकार, कौशल्या सरकार, अंजला हलधर, सुलेखा विश्वास शामिल हुए। ग्राम प्रधान बासुदेव कुंडू ने बताया कि समस्या के समाधान कराने की कोशिश में लगे सांसद वरुण गांधी ने नौ दिसंबर को फिर प्रतिनिधि मंडल को दिल्ली बुलाया है।