अमरिया में सिलिंडर के लिए लगी उपभोक्ताओं की कतार
- फोटो : संवाद
पीलीभीत जिले में रसोई गैस बुक कराने के 36 घंटे बाद भी उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। एजेंसी पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को तीन दिन तक का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं देहात क्षेत्र में अब भी उपभोक्ताओं को सिलिंडर के लिए एजेंसी पर लाइन लगानी पड़ रही है। वहीं कई उपभोक्ताओं को एजेंसी के चक्कर काटने पड़ रहे है।
जिले में रसोई गैस की समस्या लोगों को परेशान कर रही है। जिले में पहुंचने वाली सप्लाई उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त नहीं है। मंगलवार को गैस एजेंसियों पर लोग गैस पाने के लिए परेशान दिखे। शहर की एजेंसियों पर दोपहर के समय भीड़ तो कम दिखी, लेकिन यहां पहुंचे कुछ लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पाए। एजेंसी के पर्ची काउंटर के बाहर लगे ब्लैक बोर्ड पर 15 मार्च लिख मिला। जानकारी करने पर पता लगा कि 15 मार्च तक बुकिंग होने वाले सिलिंडरों की सप्लाई अभी वितरित की जा रही है। अन्य लोगों को आगे का समय दिया जा रहा है। इसके साथ ही एक वाहन में सिलिंडरों को भी भरकर शहर की ओर भेजा जा रहा था।
उपभोक्ता विशाल ने बताया कि आज बुकिंग के बाद एजेंसी पर सिलिंडर लेने के लिए पहुंचे, लेकिन एजेंसी पर सिलिंडर देने से मना कर दिया है। जबकि मेरे भाई को सिलिंडर मिल गया। शिवांशु ने बताया कि पर्ची की बुकिंग आसानी से हो गई है। सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंचे, तो यहां तीन दिन के बाद सिलिंडर देने की बात कह रहे हैं।