पीलीभीत। बुद्ध पूर्णिमा पर सार्वजनिक अवकाश को लेकर शुक्रवार को जिला अस्पताल में आधे दिन की ओपीडी के चलते दूरदराज से आए मरीजों को इलाज नहीं मिल पाया। समय से पहुंचे मरीजों की लंबी कतार होने के चलते परामर्श पर्चा नहीं बन पाया, इससे नाराज मरीजों ने हंगामा किया। मरीजों ने कहा कि हम विभिन्न क्षेत्रों से इलाज कराने आए हैं और ओपीडी में पर्चा बनना 11:30 बजे बंद कर दिया गया। अब वे कहां इलाज कराने जाएं। मरीजों ने 12 बजे तक पर्चा बनवाने की मांग करते हुए काफी देर तक हंगामा किया। हालांकि काफी मरीज बिना इलाज के मायूस लौट गए।
बुद्ध पूर्णिमा के चलते शुक्रवार को जिले में सरकारी अवकाश रहा। जिला अस्पताल में भी ओपीडी दोपहर 12 बजे तक थी। सुबह आठ बजे ही जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर पर परामर्श के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। साढ़े दस बजे के बाद आए मरीज पर्चा बनवाने के लिए घंटों कतार में लगे रहे, लेकिन जब उनका समय आया तो पर्चा काउंटर बंद कर दिया गया। पर्चा नही बनने से दूरदराज से पहुंचे मरीजों ने जिला अस्पताल के स्टाफ पर मनमर्जी का आरोप लगाया व आधे दिवस की ओपीडी का नोटिस भी नहीं लगाने की बात कही। काफी देर जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर पर मरीजों ने इसको लेकर हंगामा भी किया। दूरदराज से आए काफी मरीज बिना इलाज के मायूस लौटते देखे गए।
क्या कहते हैं मरीज
अवकाश अगर था तो जिला अस्पताल के स्टाफ को बोर्ड पर नोटिस देना चाहिए था, काफी मनमर्जी हावी है। - राणा प्रताप सिंह
00
घंटों लाइन में खड़े होकर इंतजार करता रहा, अब पर्चा नहीं बना तो बिना इलाज के लौटना पड़ रहा है। - रमेश जोतवानी
00
रूद्रपुर से आया था, आने में देरी हो गई पर्चा नहीं बन पाया। फिर आऊंगा। - ओमकार
वर्जन
आधे दिवस की ओपीडी थी, सभी मरीजों को 12 बजे तक देखा जा सका। इसके लिए 11:30 तक पर्चे लिए गए। मरीजों को समझाया गया है। - डॉ. रमाकांत सागर, अधीक्षक जिला अस्पताल
जिला अस्पताल में बने पर्चा काउंटर पर पर्चे के लिए खड़े मरीज। संवाद
जिला अस्पताल में बने पर्चा काउंटर पर पर्चे के लिए खड़े मरीज। संवाद
जिला अस्पताल में बने पर्चा काउंटर पर पर्चे के लिए खड़े मरीज। संवाद