ऑफीसर्स कॉलोनी में धार्मिक स्थल पर निर्माण कराने के प्रयास का प्रशासन ने विफल कर दिया। सुरक्षा के लिहाज से यहां पुलिस तैनात कर दी गई है।
कलेक्ट्रेट के निकट ऑफीसर्स कॉलोनी में बचत कार्यालय के सामने एक धार्मिक स्थल है। कई वर्ष पूर्व इसके निर्माण को लेकर विवाद हो गया था, जिस पर प्रशासन ने रोक लगा दी थी। मंगलवार को इस धार्मिक स्थल पर पुन: निर्माण कार्य प्रारंभ करने का प्रयास किया गया। सुबह निर्माण कराने के लिए कुछ लोग मजदूर-मिस्त्री और निर्माण सामग्री लेकर पहुंचे। इसकी जानकारी लोगों ने अधिकाािरयों को दी।
सूचना मिलने पर एसडीएम सदर पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और निर्माण की तैयारियों को बंद करा दिया। निर्माण सामग्री और मजदूर वापस कर सुरक्षा के लिहाज से दो उपनिरीक्षक एवं 10 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। एसडीएम सदर सुरेंद्र बहादुर यादव ने बताया कि किसी भी धार्मिक स्थल के निर्माण पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश से रोक लगी हुई है। बिना किसी अनुमति के निर्माण का प्रयास किया गया, जिसे रोक दिया गया है। निर्माण कराने वालों की जांच कर कार्रवाई भी की जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस लगाई गई है।