माधोटांडा। माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर पुलियों के निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। केडी स्कूल के पास नई पुलिया का निर्माण शुरू होने से जहां मार्ग सुधार की उम्मीद जगी है। वहीं, निर्माण कार्य के दौरान सड़क किनारे जेसीबी से डाली जा रही मिट्टी राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। इस व्यस्त मार्ग से रोजाना करीब 10 हजार लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में निर्माण कार्य के चलते यातायात प्रभावित हो रहा है।
माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन करीब 10 हजार लोग गुजरते हैं। पुलियों की खराब स्थिति के कारण लंबे समय से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। डेढ़ माह पूर्व मार्ग पर जर्जर और क्षतिग्रस्त पुलियों के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू कराया गया था। एक दिन पूर्व से केडी स्कूल के पास एक और जर्जर पुलिया का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश चौधरी ने बताया कि क्षतिग्रस्त पुलियों के स्थान पर नई पुलियों का निर्माण कराया जा रहा है। विभाग की कोशिश है कि बरसात शुरू होने से पहले कार्य पूरा कर लिया जाए। संवाद