पीलीभीत। जिला अस्पताल के मेडिकल कॉलेज से संबद्ध होते ही लगातार काम कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में अब जिला अस्पताल के पुराने महिला अस्पताल भवन के पास 30 बेड का इमरजेंसी वार्ड बनाया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य संगीता अनेजा एनएमसी के मानकों के अनुसार व्यवस्थाओं को दुरुस्त करा रहीं हैं। इमरजेंसी वार्ड में एक ही स्थान पर 30 बेड के लिए जगह कम पड़ रही थी। जबकि एनएमसी की गाइडलाइन के अनुसार एक जगह पर तीस बेड की क्षमता होना अनिवार्य है। इसमें भी जरूरी है कि पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग वार्ड हों।
इस कारण इमरजेंसी वार्ड को शिफ्ट करने के लिए पिछले कई दिनों से माथा-पच्ची चल रही थी। प्रधानाचार्य ने निरीक्षण के दौरान पुराने महिला अस्पताल भवन के प्रवेश द्वार के पास इमरजेंसी वार्ड निर्माण की जगह फाइनल की।
मेडिकल कॉलेज का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था ने चिह्नित स्थल पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। सीएमएस डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया कि एनएमसी की गाइडलाइन के अनुसार 30 बेड के नए इमरजेंसी वार्ड का निर्माण शुरू करा दिया गया है।