शुक्रवार रात की घटना
हेड कांस्टेबल से गाली-गलौज कर जमीन पर गिराकर पिटाई करने की घटना शुक्रवार रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने रात में ही दबिश देकर मुख्य आरोपी सलामत सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया था। घटना की रात को ही रिपोर्ट दर्ज न कर शनिवार को दिन में हेड कांस्टेबल की ओर से पिता-पुत्र सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस घटना को हल्के में ही लेती रही। यही वजह रही कि नगर चौकी इंचार्ज ने भी घटना की सही रिपोर्ट पुलिस अफसरों को समय पर नहीं दी।
रविवार को किसी ने सोशल मीडिया पर पुलिस की पिटाई की वीडियो वायरल किया। वायरल वीडियो में चार लोग हेड कांस्टेबल को जमीन पर गिराकर पिटाई करते हुए दिख रहे हैं। मारपीट में जमीन पर गिरे हेड कांस्टेबल की महिला भी चप्पलों से पिटाई कर रही थी। जबकि सलामत और काले कपड़े पहने युवक सहित दो युवक हेड कांस्टेबल की पिटाई कर रहे थे। खास बात यह रही कि हेड कांस्टेबल का साथी पास में खड़ा घटना को देख रहा था। वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी। घटना की वीडियो वायरल होने के बाद शनिवार को पुलिस हरकत में आ गई।
छीना गया मोबाइल दे गया दलाल
पुलिस ने शुक्रवार रात को तीनों को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर चालान तो कर दिया। मगर पुलिस हेड कांस्टेबल का मोबाइल भी तब आरोपियों से बरामद नहीं कर पाई। चर्चा है कि घटना के बाद शुरू से कुछ दलाल घटना को दबाने को पुलिस की परिक्रमा करने लगे। इसमें से एक दलाल ने हेड कांस्टेबल का छीना गया मोबाइल भी पुलिस को सौंप दिया।
हेड कांस्टेबल पर लगा ये आरोप
सलामत की पत्नी महमूदन ने कोतवाल को भेजे शिकायतीपत्र में पुलिसकर्मियों पर अभद्रता करने, घर में घुसकर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। पत्र में कहा कि शुक्रवार रात एक बजे मुहर्रम के लिए खिचड़ा बन रहा था। साथी पुलिस कर्मी के साथ पहुंचे हेड कांस्टेबल महावीर ने भगौना पलट दिया। जलती हुई लकड़ी खिचड़े में डाल दी। विरोध पर उसके पुत्रों, पति की पिटाई की। नशे के चलते अपने आप नाली में गिर गया। घर में घुसकर तोड़फोड़ और अभद्रता की गई।
सीओ पूरनपुर प्रतीक दहिया ने कहा कि हेड कांस्टेबल की पिटाई में सलामत शाह उसके पुत्र और एक रिश्तेदार को गिरफ्तार किया गया है। घटना का वीडियो प्रकाश में आया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। अगर घटना को छिपाना और लापरवाही पाई गई तो जांच के बाद कार्रवाई होगी।