बरखेड़ा। लॉकडाउन में खुली किराना दुकान बंद कराने गई पुलिस टीम पर हमला करने वाले दो और आरोपी पुलिस ने धर दबोचे। पौटा बस अड्डे से दोनों को गिरफ्तार करने के बाद उनका चालान कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव में लॉकडाउन के बीच 27 मार्च की शाम किराना की दुकान खुली हुई थी। इसकी शिकायत मिलने पर इंस्पेक्टर उमेश सिंह सोलंकी पुलिस बल के साथ दुकान बंद कराने गए थे। इसी दौरान किराना व्यापारी सुनील कुमार ने परिवार के सदस्यों को इकट्ठा कर पुलिस पर हमला कर दिया था। उसमें इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए थे। भागने की कोशिश में छत से गिरकर सुनील भी घायल हो गया था। पुलिस ने नौ नामजद समेत 29 पर संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। किराना व्यापारी सुनील और जयप्रकाश इस मामले में पहले ही जेल जा चुके हैं। बृहस्पतिवार को इस प्रकरण में हाथ न आ सके दो अन्य हमलावरों को भी पुलिस ने धर दबोचा। इंस्पेक्टर ने बताया कि दो हमलावर हरेंद्र कुमार और कपिलेंद्र उर्फ कपिल को एसएसआई आशुतोष रघुवंशी ने पौटा बस अड्डें से गिरफ्तार कर चालान कर दिया है। आरोपी हरेंद्र कुमार एसएसबी का सिपाही है।