पीलीभीत। एक लाख से अधिक बिल बकाया होने पर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईएस) कार्यालय का प्री-पेड मीटर से कनेक्शन कट गया। बिजली जमा न होने से कार्यालय में सात दिन से अंधेरा है। कामकाज प्रभावित हो रहा है।
स्मार्ट मीटर ने सरकारी कार्यालयों को भी झटका देना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि आरईएस कार्यालय पर एक लाख से अधिक का बिल बकाया था। बिल भुगतान के लिए विभाग ने मार्च के अंतिम दिनों में मुख्यालय डिमांड भेजी थी। धनराशि न मिलने से बिल जमा नहीं हो सका। करीब एक सप्ताह पहले कार्यालय की बिजली गुल हो गई। बिजली न आने से कर्मचारी गर्मी में बिना पंखे के काम करने को मजबूर हैं। एक्सईएन सतीश ने बताया कि बिजली बिल के लिए बजट की मांग की गई है। किराए पर जेनरेटर लेकर काम चलाया जा रहा है। संवाद