विभागीय योजनाओं की समीक्षा करती विधान सभा की समिति स्रोत : सूचना विभाग
पीलीभीत। माधोटांडा मार्ग स्थित एक रिसॉर्ट पर सभापति ब्रजेश कुमार सिंह प्रिंसू की अध्यक्षता में शनिवार को विधान परिषद समिति ने समीक्षा बैठक की। योजनाओंं की समीक्षा के साथ ही बरसात से पूर्व नालों की सफाई पूरी कराने के निर्देश दिए।
बैठक में समिति की ओर से संबंधित विवादों की कार्यप्रणाली, विकास योजनाओं की प्रगति और पारदर्शिता पर चर्चा की गई। बैठक में सभापति ब्रजेश कुमार सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सालय व मैरिज लॉन को चिह्नित कर राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बजट और पंचम वित्त आयोग की धनराशि के सापेक्ष व्यय की प्रगति, संसाधनों के विकास की कार्ययोजना व भूमि की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिला पंचायत की ओर से संचालित विद्यालयों में नामांकित छात्रों की संख्या के साथ ही शिक्षकों की उपलब्धता की स्थिति जानी।
नगर निकायों में सफाई कर्मियों की मॉनीटरिंग तकनीक के साथ मौके पर करने के निर्देश दिए। बरसात से पूर्व नालों की सफाई और फाॅगिंग मशीनों की उपलब्धता की जानकारी ली। प्राप्त सुझाव और निर्देशों का अनुपालन कराने की डीएम की ओर से बात कही गई। बैठक में बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, बाबूराम पासवान, गुरभाग सिंह, एसपी अभिषेक यादव आदि मौजूद रहे।