पीलीभीत। शहर के वार्ड आठ में राज्य कर्मचारी आवास के लिए अधिग्रहीत सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। वार्ड आठ के सभासद विपिन कुमार समेत स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि वर्ष 1968 में गाटा संख्या 778, 777, 770, 772, 795, 791, 799 व 769 आदि भूमि आवासीय उपयोग के लिए अधिग्रहीत की गई थी। इस पर बनी सड़क, नाली और खाली जमीन पर भू-माफियाओं ने कब्जा कर मकान व बरातघर की पार्किंग बना ली है। शिकायत में कहा गया कि वर्ष 2020 में की गई शिकायत पर केवल कुछ गाटा संख्याओं की पैमाइश हुई, जबकि अन्य को नजरअंदाज कर दिया गया।
आरोप है कि विभागीय लापरवाही के चलते अतिक्रमण नहीं हटाया गया। साथ ही एक स्थान पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित मकान का निर्माण रुकवाकर वहां कारखाना चलाया जा रहा है। लोगों ने डीएम से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। डीएम के निर्देश पर विनियमित क्षेत्र के जेई व अन्य ने मौके पर पहुंचकर जांच की। संवाद