पीलीभीत। ग्राम समाज के बाग पर कब्जा करके प्रस्ताव व नीलामी कराए बिना फसल बेचने को लेकर लेखपाल और उसके साथियों की शिकायत करना एक ग्रामीण को महंगा पड़ गया। शिकायत का पता लगते ही लेखपाल ने एक अन्य अफसर से रिश्तेदारी गिनाकर ग्रामीण को अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली। शिकायत वापस लेने का भी दबाव बनाया। जिसके बाद ग्रामीण ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
मरौरी ब्लॉक के गांव गौहनिया निवासी लक्ष्मीराम पुत्र भूपराम ने एसपी को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि तहसील सदर के एक लेखपाल ने सांठगांठ करके बीते दिनों ग्राम समाज के बाग पर कब्जा करा दिया था। इसके बाद बिना प्रस्ताव व नीलामी कराए वहां पर खड़ी फसलें भी कटवाकर बेच दी थी। इसकी शिकायत उनकी ओर से मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई थी। आरोप है कि शिकायत किए जाने का पता लगते ही लेखपाल ने दो दिन पूर्व उन्हें गालियां देते हुए धमकाया। एक अन्य राजस्व अधिकारी को अपना रिश्तेदार बताते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दी। ग्रामीण ने एसपी से पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पूरे मामले की शिकायत दोबारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की गई है।