पीलीभीत। यूपी बोर्ड वर्ष-2025 की हाईस्कूल इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट व इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट परीक्षा 19 जुलाई को होगी। परीक्षा के लिए 600 से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किए हैं। शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
डीआईओएस राजीव कुमार की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि हाईस्कूल इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा सुबह 08:30 से 11:45 बजे तक और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट की परीक्षा दूसरी पाली में दो से 5:15 बजे तक होगी।
हाईस्कूल में कंपार्टमेंट व इंप्रूवमेंट के लिए 301 विद्यार्थियों ने आवेदन किए हैं। वहीं इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए कुल 362 आवेदन किए गए। परीक्षा की तिथि जारी होने के साथ ही तैयारियां तेज कर दी गईं हैं। शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
डीआईओएस ने बताया कि बोर्ड से मिले निर्देश के क्रम में परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी, केंद्र व्यवस्थापक, अध्यापकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के अतिरिक्त बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतया वर्जित रहेगा। केंद्र व्यवस्थापक की जिम्मेदारी होगी कि परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने पाए।
साथ ही मुख्य परीक्षा की तरह ही परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों के रखरखाव की व्यवस्था निर्धारित स्ट्रांंग रूम के डबल लॉक में की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों से स्ट्रांग रूम की 24 घंटे निगरानी होगी। प्रधानाचार्य परिषद की वेबसाइट www.upmsp.edu.in से पंजीकृत परीक्षार्थी के प्रवेशपत्र डाउनलोड क सकेंगे। प्रति हस्ताक्षरित करते हुए प्रवेश पत्र परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
आंतरिक मूल्यांकन व प्रयोगात्मक परीक्षा 11 जुलाई से
वर्ष 2025 की हाईस्कूल इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए प्रोजेक्ट आधारित प्रयोगात्मक परीक्षा व आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट प्रयोगात्मक परीक्षा 11 व 12 जुलाई को ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में होगी। छात्र-छात्राएं अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य/ जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से संपर्क कर प्रयोगात्मक परीक्षाओं में शामिल हो सकते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रायोगिक परीक्षाओं की ओएमआर शीट 16 जुलाई तक क्षेत्रीय कार्यालयों में जमा करेंगे।